मऊगंज जिले में नवरात्रि के समापन पर मंगलवार को माता रानी की प्रतिमाओं का विसर्जन पूरे भक्तिभाव और जयकारों के साथ हुआ। जिलेभर के नदी घाटों और जलाशयों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक अब तक 1200 से अधिक दुर्गा झांकियों की प्रतिमाएं विसर्जित की जा चुकी हैं, जबकि विसर्जन का यह सिलसिला बुधवार को भी जारी रहेगा। नईगढ़ी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मां अष्टभुजा धाम के पास देवलहा नदी घाट पर दिनभर विसर्जन का दौर चलता रहा। नगर पालिका और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी-बड़ी झांकियों की प्रतिमाएं भव्य जुलूस के साथ घाट पहुंचीं। माता के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी। इस दौरान घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन, पुलिस और नगर परिषद की टीमें लगातार मुस्तैद रहीं। गोताखोर तैनात, सीसीटीवी और रोशनी के कड़े सुरक्षा इंतजाम कलेक्टर राजेश कुमार ओंगरे और एसपी सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन में विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। हनुमना थाना क्षेत्र में शाम चार बजे से ही नैया नदी, गोरमा बांध, झोकमती माता मंदिर हाटा और अहिर वीर धाम हाटा जैसे प्रमुख स्थलों पर विसर्जन शुरू हो गया था। अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए नदी तटों पर पर्याप्त रोशनी, चेतावनी बोर्ड और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, ताकि पूरा आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

