झालावाड़ में दशहरे के मौके पर मंगलवार को राड़ी के बालाजी परिसर में 51 फीट ऊंचे रावण का पुतला जलाया गया। रात 7:58 पर पुतले का दहन हुआ, जो कुछ ही देर में राख हो गया। इस बार रावण का पुतला अपने खास अंदाज और आकर्षक करतबों के कारण लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। दहन से पहले करीब एक घंटे तक रंग-बिरंगी आतिशबाजी हुई, जिससे आसमान जगमगा उठा। झालावाड़ और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग यह नजारा देखने पहुंचे। रावण दहन से पहले शहर में रामायण से जुड़े पात्रों की शोभायात्रा निकाली गई, जो दहन स्थल पर पहुंची। कार्यक्रम में झालावाड़ के पूर्व नरेश चंद्रजीत सिंह झाला मुख्य अतिथि रहे। पीपा पीठाधीश्वर त्यागी महाराज और जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर भी मौजूद थे। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी भी तैनात रहे।

