छतरपुर जिले के जुझारनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरंगपुर गांव में मंगलवार सुबह घर में घुसकर सो रहे दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडों और फरसे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। इस जानलेवा हमले में दोनों भाई लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल जितेंद्र यादव (29) और उनके बड़े भाई अनैत यादव (32) ने बताया कि वे सुबह करीब साढ़े छह बजे अपने घर में सो रहे थे। उसी दौरान गांव के ही रहने वाले मनोज यादव, नरेंद्र यादव और दो महिलाओं ने अचानक घर के भीतर घुसकर उन पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने सबसे पहले छोटे भाई जितेंद्र पर हमला किया, और जब बीच-बचाव करने बड़ा भाई अनैत आया तो उस पर भी फरसे और लाठियों से वार कर दिए गए। हमले में दोनों भाइयों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। डायल 112 ने पहुंचाया अस्पताल घटना के तुरंत बाद पीड़ितों ने डायल 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को तुरंत जुझारनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों की शिकायत पर जुझारनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों भाइयों का इलाज जारी है और पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ मामले की गहराई से जांच कर रही है।

