रायसेन में विजयादशमी पर 71 साल पुरानी परंपरा निभाई गई। शहर के प्राचीन बावड़ीपुरा हनुमान मंदिर से 40 किलो वजनी वीर हनुमान का मुखौटा धारण कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस साल वार्ड 8 के 20 वर्षीय गोविंद यादव ने यह मुखौटा धारण किया। उन्होंने करीब पांच घंटे तक मुखौटा पहने रखेंगे। शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत हुआ और श्रद्धालुओं ने आरती उतारी। मंगलवार शाम वार्ड-2 स्थित बावड़ीपुरा हनुमान मंदिर से शोभायात्रा शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए दशहरा मैदान पहुंची। वीर हनुमान के दर्शन के लिए लोग जगह-जगह इकट्ठे हुए। मुखौटा धारण करने वाले का चयन पर्ची से होता है। गोविंद यादव ने इसके लिए 40 दिनों तक ब्रह्मचर्य का पालन किया और व्रत रखा। वे रोज सुबह-शाम मंदिर में पूजा-अर्चना करते थे।

