सीतापुर के मिश्रिख तहसील क्षेत्र में मृतक के नाम आय प्रमाण पत्र जारी करने के मामले में प्रशासन ने मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे कार्रवाई की है। एसडीएम मिश्रिख की जांच में बिना स्थलीय निरीक्षण किए आख्या प्रस्तुत करने का मामला सामने आने पर क्षेत्रीय लेखपाल सुधीर कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। डीएम ने मामले की विस्तृत विभागीय जांच के लिए नायब तहसीलदार अजय कुमार को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें 15 दिनों के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। मामला मिश्रिख तहसील के ग्राम शंकरपुर मजरा रामगढ़, परगना कोरौना का है। यहां के निवासी कन्हाई पुत्र दुन्नत की करीब दो वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। इसके बावजूद उनके नाम से तीन दिन पहल आय प्रमाण पत्र जारी किया गया। प्रमाण पत्र में उनकी वार्षिक आय 60 हजार रुपये दर्शाई गई थी। लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की गई प्रकरण सामने आने के बाद डीएम के निर्देश पर एसडीएम मिश्रिख से इसकी जांच कराई। जांच के दौरान मृतक कन्हाई के नाम जारी आय प्रमाण पत्र के संबंध में बिना स्थलीय जांच किए आख्या प्रस्तुत किए जाने का मामला सामने आया। इसे शासकीय दायित्वों और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, शिथिलता एवं स्वेच्छाचारिता मानते हुए संबंधित लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की गई। डीएम ने लेखपाल सुधीर कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। वहीं, मामले की विस्तृत अनुशासनात्मक और विभागीय जांच की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार मिश्रिख अजय कुमार को सौंपी गई है। उन्हें 15 दिनों के भीतर विस्तृत जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया और स्थलीय सत्यापन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन की ओर से मामले की विस्तृत जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

