अजमेर के माखुपुरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में तैनात RAC कॉन्स्टेबल नरेंद्र गोदारा (31) की मौत के मामले में मंगलवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। जवान की मौत के बाद परिजन और रिश्तेदार जेएलएन हॉस्पिटल की मोर्चरी पहुंचे। परिजनों ने किसी तरह की शंका से इनकार करते हुए घटना को हादसा माना है। वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी मामला हादसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। ड्यूटी जॉइन करने के कुछ देर बाद हादसा, बेटी से की थी वीडियो कॉल पर बात RAC कॉन्स्टेबल के साढू नानूनराम जाट ने बताया कि नरेंद्र ने ड्यूटी जॉइन करने के दौरान अपनी करीब 10 महीने की बेटी से पत्नी के मोबाइल पर वीडियो कॉल से बात की थी। उस समय परिवार को किसी तरह की परेशानी नजर नहीं आई। नरेंद्र ने कुछ दिन पहले ही कार खरीदी थी। परिवार में किसी तरह की समस्या की जानकारी नहीं है। ऐसे में वे इस घटना को हादसा मान रहे हैं और उन्हें किसी पर कोई शक नहीं है। गार्ड प्रभारी ने दर्ज कराई मर्ग, राइफल लोड करते समय गोली चलने का उल्लेख आदर्शनगर थाना पुलिस के अनुसार, 9वीं RAC बटालियन टोंक की ए-कंपनी के गार्ड प्रभारी की ओर से मर्ग दर्ज कराई गई है। इसमें बताया गया कि कॉन्स्टेबल नरेंद्र गोदारा पुत्र नाथूराम पंचायत राज चुनाव-2026 के लिए माखुपुरा पॉलिटेक्निक कॉलेज में बनाए गए EVM स्ट्रॉन्ग रूम अराई एम-35 की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था। ड्यूटी पॉइंट पर राइफल लोड करते समय अचानक गोली चल गई, जिससे उसकी मौत हो गई। 2018 में RAC में भर्ती हुए थे,पत्नी भी कॉन्स्टेबल नरेंद्र गोदारा साल 2018 में महाराणा प्रताप बटालियन, प्रतापगढ़ में भर्ती हुए थे। वह मूल रूप से नागौर जिले के मेड़ता रोड के रहने वाले थे और वर्तमान में अजमेर में रह रहे थे। उनकी पत्नी महेंद्र भी जिला पुलिस में कॉन्स्टेबल है और शहर यातायात पुलिस में तैनात है। दंपती की करीब एक साल की बेटी है। नरेंद्र के साढ़ू एएसआई नारायण सिंह दरगाह थाने में तैनात हैं। वहीं बड़ा भाई एयरफोर्स में है। सोमवार शाम शिफ्ट बदलने के दौरान हुई थी घटना माखुपुरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में पंचायती राज चुनाव के लिए EVM रखने का स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है। इसकी सुरक्षा के लिए 9वीं RAC टोंक की ए-कंपनी को 16 अक्टूबर से तैनात किया गया था। सोमवार शाम करीब 5:15 बजे ड्यूटी शिफ्ट बदलने के दौरान नरेंद्र को गोली लग गई थी। गोली की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद जवानों में हड़कंप मच गया। सूचना पर आदर्शनगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल और एमओबी टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस बोली- प्रारंभिक जांच में हादसा, हर एंगल से पड़ताल एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि जवान की गोली लगने से मौत हुई थी। मंगलवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रथम दृष्टया हादसा लग रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। यह खबर भी पढ़ें….. EVM की सुरक्षा में तैनात जवान ने खुद को मारी-गोली,मौत:* ड्यूटी के समय हुई घटना, पत्नी भी अजमेर पुलिस में कॉन्स्टेबल

