भाई दलेर मेहंदी पर लगे नशे के आरोप तो भड़के मीका सिंह, सबूत मांगते हुए गाना छोड़ने की दी चेतावनी

भाई दलेर मेहंदी पर लगे नशे के आरोप तो भड़के मीका सिंह, सबूत मांगते हुए गाना छोड़ने की दी चेतावनी

Mika Singh on Daler Mehndi Alcohol Controversy: बॉलीवुड के फेमस और एनर्जेटिक पाॅप गायक दलेर मेहंदी (Daler Mehndi) इन दिनों उत्तराखंड में अपने एक स्टेज शो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। बीते दिन उत्तराखंड के नरेंद्रनगर से विधायक सुबोध उनियाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हुआ था, जिसमें वह मंच पर सबके सामने दलेर मेहंदी पर ठीक से न गा पाने का आरोप लगाते और उन्हें नशे में होने की बात कहते नजर आए थे। इस घटना के बाद से इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है, जहां एक तरफ लोग गायक का मजाक उड़ा रहे हैं, वहीं अब दलेर मेहंदी के छोटे भाई और जाने-माने सिंगर मीका सिंह (Mika Singh) ने मैदान में उतरकर भाई का जोरदार बचाव किया है।

मीका सिंह ने दिया कड़ा संदेश, भाई दिलेर मेहंदी पर लगे नशे में होने के आरोप

मीका सिंह ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें उन्होंने उन तमाम अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि दलेर मेहंदी नशे की हालत में स्टेज पर थे। मीका ने बेहद गुस्से और भावुक अंदाज में कहा कि पिछले 30 सालों से उनके भाई इंडस्ट्री में एक सुपरस्टार के रूप में काम कर रहे हैं, लेकिन क्या किसी ने कभी उनके हाथ में शराब का गिलास देखा है?

मीका सिंह ने तीखा सवाल पूछते हुए कहा, “मैंने खबर देखी। आप लोगों ने यह अफवाह फैलाई है कि दलेर पाजी गाते समय नशे में थे, इसलिए वह गा नहीं सकते। सबसे पहले मैं पूछना चाहता हूं- क्या आपने कभी उनके हाथ में शराब का गिलास देखा है? जब आपने कभी देखा ही नहीं, तो आपने कैसे कह दिया कि उनसे खड़ा नहीं हुआ जा रहा था?”

मीका ने खुला चैलेंज देते हुए कहा कि अगर कोई एक भी व्यक्ति यह साबित कर दे कि उसने दलेर मेहंदी को कभी शराब पीते हुए देखा है, तो वह गाना ही छोड़ देंगे।

“हाल ही में हुई थी बड़ी सर्जरी, 104 डिग्री बुखार में भी वादा निभाते हैं कलाकार”

भाई का पक्ष रखते हुए मीका सिंह ने खुलासा किया कि दलेर मेहंदी का हाल ही में एक बड़ा ऑपरेशन (सर्जरी) हुआ था, जिसके कारण उनका स्वास्थ्य बिल्कुल भी ठीक नहीं था। इसके बावजूद वह अपना कमिटमेंट पूरा करने के लिए मंच पर पहुंचे थे। कलाकारों की मजबूरी को समझाते हुए मीका ने कहा कि हम आर्टिस्ट कई बार तबीयत खराब होने या 104 डिग्री बुखार होने के बाद भी जनता से किया वादा निभाने के लिए शो करते हैं।

मीका ने वायरल वीडियो में दिख रहे मंत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर मंच पर आकर किसी ने यह कह दिया कि “आपसे गाया नहीं जा रहा, मत गाओ”, तो वह बात अलग है, लेकिन किसी कलाकार पर झूठा यह आरोप लगाना कि वह शराब पीकर आया है, बेहद शर्मनाक है। मीका के इस समर्थन के बाद अब फैंस भी दलेर मेहंदी के पक्ष में खड़े नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *