Ashish Shelar Meet Tiger Shroff after firing Incident: बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर मुंबई में जानलेवा हमला हुआ था। जिसमें एक्टर को मामूली चोट आई थी और उनके ड्राइवर को गोली लगी है। इस हादसे के बाद से राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पहले खुद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उनके घर पहुंचे थे और अब महाराष्ट्र के प्रमुख मंत्री आशीष शेलार (Ashish Shelar) टाइगर श्रॉफ के आवास पर पहुंचे और उनसे मुलाकात कर उनका हाल जाना। जिसकी फोटो सामने आई हैं।
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद मिले मंत्री आशीष शेलार
रविवार और उसके बाद के घटनाक्रम के बाद से टाइगर श्रॉफ के घर लगातार वीआईपी मेहमानों का आना-जाना लगा हुआ है। मंत्री आशीष शेलार के पहुंचने पर उन्होंने अभिनेता और उनके परिवार से लंबी बातचीत की। इस मुलाकात के दौरान की एक आधिकारिक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें मंत्री आशीष शेलार अभिनेता के साथ एक टेबल पर बैठें हैं और उनसे बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
इस दौरान मंत्री आशीष ने परिवार को यह भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस गंभीर मामले को बेहद संवेदनशीलता से ले रही है। मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच इस घटना की तह तक जाने के लिए पूरी ताकत झोंक चुकी है। हमलावरों को जल्द से जल्द उनके अंजाम तक पहुंचाने के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। मंत्री ने आश्वस्त किया कि महाराष्ट्र में किसी भी तरह के अपराधियों या गैंग्स को कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की छूट नहीं दी जाएगी और नागरिकों तथा कलाकारों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
लगातार बढ़ाई जा रही है बॉलीवुड सेलेब्रिटीज की सुरक्षा
बता दें, इस सनसनीखेज गोलीबारी की घटना में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए हैं, लेकिन गनपाउडर और कांच के टुकड़ों के कारण उनके दाहिने हाथ पर हल्की चोटें और जलन के निशान आए हैं। वहीं इस फायरिंग में उनके ड्राइवर फिरदौस बलोच गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका नानावती अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस घटना के बाद से न केवल टाइगर श्रॉफ, बल्कि उनके परिवार और मुंबई के अन्य बड़े कलाकारों जैसे सलमान खान के आवास के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने कोटा से तीन संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया है, जिन्होंने इस हमले की पूरी रेकी की थी। राजनीतिक नेताओं का लगातार टाइगर के घर पहुंचना यह साबित करता है कि सरकार इस हाई-प्रोफाइल मामले में किसी भी तरह की ढिलाई बरतना नहीं चाहती।

