नींद की झपकी आने से कैंटर हाईवे पर रोडवेज बस से टकराया, 2 घायल

नींद की झपकी आने से कैंटर हाईवे पर रोडवेज बस से टकराया, 2 घायल

भास्कर न्यूज | फाजिल्का फाजिल्का-अबोहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव बेगावाली के पास यात्रियों को उतारने के लिए सड़क किनारे रुकी पंजाब रोडवेज की बस को सामने से आ रहे दूध के कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में बस की आगे की सीटों पर बैठे दो यात्री घायल हो गए, जबकि बस में सवार करीब 40 यात्री बाल-बाल बच गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
फाजिल्का बस स्टैंड के इंचार्ज मनीष कुमार ने बताया कि पंजाब रोडवेज की बस फाजिल्का से श्रीगंगानगर रूट पर जा रही थी। गांव बेगावाली के पास बस यात्रियों को उतारने के लिए रुकी हुई थी। इसी दौरान अबोहर की तरफ से आ रहे दूध के कैंटर ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में घायल महिला यात्री लाडो बाई ने बताया कि वह बस में अबोहर की ओर जा रही थीं। बस के रुकते ही अचानक जोरदार झटका लगा, जिससे उनके चेहरे पर चोटें आईं। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मनीष कुमार ने आशंका जताई कि कैंटर चालक नशे की हालत में हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने कहा कि मेडिकल जांच और छानबीन के बाद ही इसकी पुष्टि होगी। दूसरी ओर, कैंटर चालक ने बताया कि वाहन चलाते समय उसे अचानक नींद की झपकी आ गई थी, जिससे वाहन नियंत्रण से बाहर होकर बस से टकरा गया।
जांच अधिकारी बलवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *