एसपी श्रद्धा पांडेय से लिपटकर रोने वाली महिला की मौत:कानपुर में चल रहा था इलाज, पानी की समस्या दूर होने पर की थी मुलाकात

एसपी श्रद्धा पांडेय से लिपटकर रोने वाली महिला की मौत:कानपुर में चल रहा था इलाज, पानी की समस्या दूर होने पर की थी मुलाकात

कानपुर देहात में एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय से लिपटकर रोने वाली नीतू द्विवेदी की सोमवार शाम करीब 7 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। वह करीब एक महीने से बीमारी (फेफड़ों में इंफेक्शन) से जूझ रही थीं और कानपुर के मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। नीतू का एसपी से लिपटकर रोने वाला वीडियो वायरल हुआ था। वह किसी शिकायत के लिए नहीं, बल्कि अपनी समस्या का समाधान होने पर एसपी को धन्यवाद देने पहुंची थीं। उनकी मौत से परिवार में मातम छा गया है। बेटी प्रिया का रो-रोकर बुरा हाल है। पानी की समस्या से परेशान थीं नीतू यह मामला कानपुर देहात मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर बरौर थाना क्षेत्र के सिथरा बुजुर्ग गांव का है। दोनों पैरों से दिव्यांग नीतू बैसाखियों के सहारे चलती थीं। वह पति अनिल कुमार और दो बच्चों के साथ रहती थीं। उनके पति मजदूरी करते हैं। बेटा राहुल बीएससी और बेटी प्रिया (18) इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही है। करीब दो महीने पहले नीतू अपनी बेटी के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची थीं। उनकी शिकायत थी कि गांव में पानी की सप्लाई होने के बावजूद उनके और आसपास के कुछ घरों में पानी नहीं आ रहा था। दिव्यांग होने के कारण दूर से पानी लाना उनके लिए बेहद मुश्किल था। नीतू का आरोप था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई और जल विभाग के कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। पानी की समस्या को लेकर उन्हें बार-बार करीब 25 किलोमीटर दूर अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे आने-जाने में किराया खर्च होने के साथ शारीरिक परेशानी भी उठानी पड़ती थी। एसपी ने पहल कर बहाल कराई जलापूर्ति इसी दौरान नीतू का वीडियो सामने आया। मामला पुलिस विभाग से जुड़ा नहीं था, लेकिन एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने उनकी परेशानी को गंभीरता से लिया। स्थानीय पुलिस को नीतू के घर भेजा गया और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कराई गई। इसके बाद उनके घर की जलापूर्ति बहाल करा दी गई। समस्या दूर होने के बाद नीतू एसपी का आभार जताना चाहती थीं। शुक्रवार को वह ऑटो बुक करके अपनी बेटी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं। इस बार उनके हाथ में शिकायत नहीं, बल्कि एसपी के लिए एक पेन था। एसपी से लिपटकर रोईं, भेंट किया पेन एसपी को देखते ही नीतू भावुक हो गईं और उनसे लिपटकर रोने लगीं। एसपी ने उन्हें गले लगाकर संभाला। नीतू ने उन्हें पेन भेंट किया। एसपी ने भी भविष्य में हरसंभव मदद का भरोसा दिया और उनकी बेटी को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इस भावुक मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। नीतू की आंखों में उस दिन आंसू अपनी परेशानी दूर होने की राहत और मदद के लिए आभार जताने के थे। मां की मौत से बेटी प्रिया बेहाल करीब एक महीने से बीमारी से जूझ रहीं नीतू ने सोमवार शाम करीब 7 बजे मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर से परिवार में शोक छा गया। बेटी प्रिया का रो-रोकर बुरा हाल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *