हरियाणा दिवस पर एक नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पानीपत आएंगी। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर पानीपत जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। राष्ट्रपति का थिराना स्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान के मानसरोवर रिट्रीट सेंटर में विकसित भारत का संकल्प ग्राम उत्थान से राष्ट्रीय उत्थान कार्यक्रम प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर यातायात, पार्किंग और अतिथियों के बैठने तक की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की तैयारी तेज कर दी है। मतलौडा अनाज मंडी और मानसरोवर रिट्रीट सेंटर के आसपास संभावित हेलीपैड स्थलों का भी निरीक्षण किया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और राज्यपाल के पहुंचने की भी संभावना है। इसे लेकर सोमवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ दोनों स्थानों का दौरा किया। अधिकारियों ने हेलीपैड के लिए संभावित जगहों का जायजा लेने के साथ कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, वाहनों की आवाजाही, पार्किंग और अन्य जरूरी इंतजामों की समीक्षा की। उपायुक्त अब तक प्रशासनिक टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का दो बार निरीक्षण कर चुके हैं। इससे साफ है कि कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को गंभीरता से लिया जा रहा है। सभागार में 600 विशिष्ट अतिथियों के बैठने की तैयारी राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर मानसरोवर रिट्रीट सेंटर के मुख्य सभागार में करीब 600 विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की संभावना है। इनमें बुद्धिजीवी, डॉक्टर, अधिवक्ता, शिक्षक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित लोगों के शामिल होने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभागार में बैठने की व्यवस्था के संभावित स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्थान के निदेशक भारत भूषण से कार्यक्रम की रूपरेखा और अब तक की तैयारियों के संबंध में भी जानकारी ली। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से समझे और दूसरे विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम करे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सुरक्षा, यातायात, अतिथियों के आवागमन और बैठने की व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। पुलिस ने भी शुरू की तैयारियां पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने कहा कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। अतिथियों की आवाजाही सुचारु रखने, यातायात को व्यवस्थित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता से काम करेगी।

