बलिया में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सोमवार को सिकन्दरपुर स्थित श्री श्री जनता दुर्गा पूजा सेवा समिति, बस स्टैंड चौराहे पर कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता डॉ. विजय रंजन ने नन्हीं कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा मां दुर्गा से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। डॉ. विजय रंजन ने कहा कि कन्या पूजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान, श्रद्धा और भारतीय संस्कारों का प्रतीक है। कन्याओं में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का दर्शन किया जाता है। उन्होंने कहा कि बेटियों का सम्मान, उनकी सुरक्षा और उन्हें उज्ज्वल भविष्य प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर उन्होंने मां जगदम्बा से प्रार्थना की कि सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा हर बेटी को सम्मान, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों।

