साइबर ठगी के पीड़ित को वापस मिले 1.82 लाख रुपये:सोनभद्र पुलिस ने बैंक से कहकर होल्ड कराई रकम, खाते में वापस कराए पैसे

साइबर ठगी के पीड़ित को वापस मिले 1.82 लाख रुपये:सोनभद्र पुलिस ने बैंक से कहकर होल्ड कराई रकम, खाते में वापस कराए पैसे

सोनभद्र मे साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अनपरा पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित अनिल शर्मा की ठगी गई 1,82,750 रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिंडालको कॉलोनी, रेणुसागर निवासी अनिल शर्मा पुत्र केसी शर्मा साइबर धोखाधड़ी के शिकार हो गए थे। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके साथ धोखाधड़ी कर खाते से 1,82,750 रुपये की धनराशि ट्रांसफर करा ली थी। इसकी जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस से मदद मांगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए अनपरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने संबंधित बैंक से पत्राचार कर ठगी की धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराते हुए पूरी रकम पीड़ित के मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई। समय रहते की गई कार्रवाई से पीड़ित को आर्थिक नुकसान से राहत मिली। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) और क्षेत्राधिकारी पिपरी के मार्गदर्शन में की गई। इसमें अनपरा थानाध्यक्ष राजेश चौबे और हेड कांस्टेबल आनंद मोहन बिंद की प्रमुख भूमिका रही। ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत पुलिस ने लोगों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी तरह की ऑनलाइन ठगी होने पर बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है। पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाती है, ठगी की रकम को संबंधित खाते में रोकने और वापस कराने की संभावना उतनी ही बढ़ सकती है। इसलिए किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतें और संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल संबंधित बैंक और पुलिस को सूचित करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *