कैथल में दशहरा पर्व मनाने को लेकर आयोजकों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के चंदाना गेट स्थित रामलीला ग्राउंड में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले दहन के लिए तैयार कर दिए गए हैं। ग्राउंड में 20 अक्टूबर को रावण, कुंभकरण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया जाएगा। इस बार पुतलों की ऊंचाई और लाइटों से सजी उनकी खास ड्रेस लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस बार मैदान में 61 फुट ऊंचा रावण, 55 फुट का कुंभकरण और 50 फुट का मेघनाथ लोगों का ध्यान खींचेंगे। तीनों पुतलों को लाइटों से सजी ड्रेस पहनाई जाएगी, जिससे दशहरा उत्सव में खास रौनक देखने को मिलेगी। तैयारियां हुई पूरी श्रीराम दशहरा उत्सव समिति की ओर से आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समिति प्रधान संदीप सैनी, उपप्रधान रजत थरेजा, महासचिव शशि सैनी और सहसचिव अभिषेक गोयल ने बताया कि दशहरा उत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब इंतजार उस पल का है, जब रामलीला ग्राउंड में बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। राम रावण युद्ध का प्रदर्शन किया जाएगा उन्होंने बताया कि पुतले दहन करने से पहले शहर में श्री ग्यारह रुद्री मंदिर से लेकर रामलीला मैदान तक श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें पूरे शहर से लोग शामिल होंगे। इसके बाद मैदान में पहुंचकर राम रावण युद्ध का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद रावण दहन कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा। इस बारे में अधिकारियों को भी अवगत करवाया गया है। प्रशासन की ओर से पूरे सहयोग का आश्वासन दिया गया है।

