लखीमपुर खीरी के ब्लॉक नकहा की ग्राम पंचायत उमरिया में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमा की विधि-विधान से स्थापना की गई। मूर्तिकार विक्रम गुप्ता के संचालन में हुए कार्यक्रम में पंडित बुद्धसागर तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा कराई। इस दौरान पंडाल मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा। प्रतिमा स्थापना के आयोजन में समस्त ग्रामवासियों ने भाग लिया। गांव के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उत्साह दिखाई दिया। मां दुर्गा के दरबार को फूलों और रोशनी से सजाया गया है। नौ दिनों तक चलने वाले नवरात्र आयोजन को लेकर गांव में धार्मिक माहौल बना हुआ है।

