पंजाब की औद्योगिक नगरी लुधियाना में लूट और झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बेखौफ बदमाशों ने अब थाना डिवीजन नंबर-6 के तहत आने वाले डाबा रोड इलाके में दिनदहाड़े झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया है। अपने घर के बाहर गली में खड़ी एक महिला को निशाना बनाते हुए बाइक सवार दो लुटेरे उनके गले से सोने का लॉकेट झपटकर मौके से फरार हो गए। वारदात की यह पूरी घटना पास में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। झपट्टा मारकर पलक झपकते ही हुए फरार पीड़ित महिला की पहचान पिंकी देवी के रूप में हुई है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पीड़ित पिंकी देवी ने बताया कि वह अपने घर के बाहर गली में मौजूद थीं। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे। महिला जब तक कुछ समझ पातीं, बाइक सवार युवकों ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारा और सोने का लॉकेट छीनकर तेजी से भाग निकले। CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस वारदात के तुरंत बाद पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस चौकी शेरपुर में दर्ज करवाई। पुलिस को सौंपी गई CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार दो लुटेरे किस तरह महिला के गले से लॉकेट झपटकर रफूचक्कर हो रहे हैं। मामले की जांच कर रहे एएसआई (ASI) जसविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को महिला से झपटमारी की लिखित शिकायत मिल चुकी है और मामले में तत्परता से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज को भी खंगाल रही है, ताकि लुटेरों के आने और भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि CCTV फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

