शाहजहांपुर में गुर्दे की बीमारी से परेशान एक 55 साल के शख्स ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रोजा थाना क्षेत्र के जमुका गांव निवासी जगदीश के रूप में हुई है। परिवार वालों ने उनकी तलाश की तो सोमवार सुबह करीब 9 बजे उनका शव सैटेलाइट बस अड्डे के पीछे एक पेड़ से लटका मिला। जगदीश पिछले काफी समय से बीमार थे। उनकी पत्नी गीता देवी ने बताया कि रविवार को अस्पताल में जांच कराने पर पता चला कि उनकी किडनी खराब हो गई है। डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ ले जाने की सलाह दी थी। पत्नी के मुताबिक, जगदीश आर्थिक तंगी के कारण लखनऊ नहीं जाना चाहते थे। उन्होंने फोन पर पत्नी से कहा कि वहां इलाज बहुत महंगा होगा और उनके बच्चे इलाज कैसे करा पाएंगे। इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया और रात में फांसी लगाकर जान दे दी। रोजा प्रभारी निरीक्षक उमेश मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

