मथुरा में नवरात्रि पर लोगों ने किया कन्या पूजन:भक्तों ने मंदिरों में दर्शन -पूजन किया, जयकारे लगाए

मथुरा में नवरात्रि पर लोगों ने किया कन्या पूजन:भक्तों ने मंदिरों में दर्शन -पूजन किया, जयकारे लगाए

मथुरा में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सोमवार को अष्टमी और नवमी के पूजन के साथ घर-घर कन्या-लांगुरिया पूजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। सुबह से ही घरों में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना, भोग और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनके चरण पूजे और भोजन कराकर उपहार भेंट किए। मंदिरों में भी दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। नवरात्रि के अंतिम दिनों में कन्या पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। इसी मान्यता के चलते लोगों ने अपने घरों में कन्याओं को आमंत्रित कर विधि-विधान से पूजन किया। कन्याओं के साथ लांगुरिया को भी भोजन कराया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं के चरण धोकर उन्हें तिलक लगाया और चुनरी, फल, मिठाई सहित विभिन्न उपहार भेंट किए। इसके बाद कन्याओं को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कन्याओं में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का वास माना जाता है। नवरात्रि में कन्या पूजन करने से माता रानी प्रसन्न होती हैं और भक्तों के घर में सुख, शांति तथा समृद्धि आती है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाया और परिवार की खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य, संतान की उन्नति तथा जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की। उधर, मथुरा और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। भक्तों ने माता रानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और नारियल, चुनरी, फूल तथा प्रसाद अर्पित किया। मंदिरों में गूंजते माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। नवरात्रि के समापन पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से परिवार और समाज की सुख-शांति तथा खुशहाली की प्रार्थना की। कन्या पूजन के साथ घरों में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *