हरियाणा के सोनीपत में नेशनल हाईवे-352ए पर देवडू गांव के सामने मशहूर फिल्म निर्माता अमित जानी का पीछा कर कुछ अज्ञात संदिग्धों द्वारा हथियार दिखाकर गाड़ी रुकवाने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। वारदात के वक्त अमित जानी के साथ गाड़ी में फिल्म निर्देशक भारत सिंह श्रीनेत समेत कई अन्य लोग भी सवार थे। अमित जानी को केंद्र सरकार की ओर से Y श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। घटना के तुरंत बाद उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी और मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी। जम्मू से लौट रहे थे, नेशनल हाईवे पर सफेद कार ने घेरा अमित जानी द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, वे अपनी टीम के साथ जम्मू से लौट रहे थे। जब उनकी गाड़ी सोनीपत में नेशनल हाईवे-352ए पर देवडू गांव के पास पहुंची, तो रात करीब 9 बजे एक सफेद रंग की कार में सवार संदिग्ध लोगों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया और हथियार लहराकर गाड़ी रुकवाने का प्रयास किया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से गाड़ी में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने अपनी जान का खतरा भांपते हुए तुरंत गाड़ी आगे निकाली व पुलिस सहायता मांगी। रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग से खतरे की आशंका फिल्म निर्माता अमित जानी ने पुलिस को दी शिकायत में साफ किया कि उन्हें पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ की तरफ से जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। इसी पृष्ठभूमि और रंजिश के चलते उन्होंने आशंका जताई है कि बदमाशों की मंशा उन पर हमला करने की थी। मुरथल थाना पुलिस जांच में जुटी, खंगाले जा रहे सीसीटीवी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। अमित जानी ने पहले कुंडली थाना और फिर मुरथल थाना पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुरथल थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। पुलिस हाईवे और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि सफेद रंग की कार और उसमें सवार संदिग्धों की पहचान की जा सके।

