Delhi Weather: पारा लुढ़ककर 17.1 डिग्री पहुंचा, इस महीने की सबसे सर्द रात दर्ज

Delhi Weather: पारा लुढ़ककर 17.1 डिग्री पहुंचा, इस महीने की सबसे सर्द रात दर्ज

दिल्ली में रविवार को इस महीने की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई और इस दौरान न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के सामान्य तापमान से 1.3 डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। रविवार को न्यूनतम तापमान शनिवार के मुकाबले 1.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को बताया कि पालम में न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड और आयानगर में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इन दोनों स्थानों पर भी सामान्य से दो डिग्री कम है। आईएमडी के अनुसार, रिज में न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है।

मौसम विभाग ने दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। सोमवार सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि के दौरान दिल्ली के पांचों मौसम केंद्रों में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सोमवार सुबह आठ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 118 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *