सीधी में सरकारी शिक्षक पर अश्लील बातें करने का आरोप, FIR दर्ज

सीधी में सरकारी शिक्षक पर अश्लील बातें करने का आरोप, FIR दर्ज

Sidhi Government Teacher Case: मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक सरकारी शिक्षक पर स्कूल के छात्र-छात्राओं से अभद्र व्यवहार करने और अश्लील बातें करने आरोप लगे हैं। मामला कुसमी जनपद के अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला धनौर का है, जहां स्कूल में पदस्थ शिक्षक पर छात्राओं से अश्लील बातें करने और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। परेशान छात्राओं ने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद अभिभावक और ग्रामीण छात्रों को लेकर पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिक्षक कमलेश रावत के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छात्र-छात्राओं ने बताई शिक्षक की हरकत

जानकारी के अनुसार, स्कूल में शिक्षक की हरकतों से परेशान छात्र-छात्राओं ने घर पर अपने अभिभावकों को इसकी जानकारी दी, इसके बाद छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने ग्रामीणों को बताया और फिर अभिभावक व ग्रामीण गांव के सरपंच को साथ लेकर शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस थाने पहुंचे। शिकायत में शिक्षक पर शराब पीकर विद्यालय आने, अश्लील शब्दों का प्रयोग और अभद्र व्यवहार करने के आरोप छात्र-छात्राओं ने लगाए हैं। अभिभावकों का कहना है कि ऐसी घटनाओं से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और वे असहज महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल

विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का स्थान है, जहां उन्हें सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिलना चाहिए। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से भी मामले को गंभीरता से लेने और स्कूल में अनुशासन सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 और 296 तथा कि शोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *