शहडोल जिले के बहेरहा जंगल में 32 वर्षीय सुखीलाल कोल की पेड़ से गिरकर मौत हो गई। यह हादसा उनकी पत्नी के सामने हुआ, जब वे लकड़ियां काटने गए थे। जानकारी के अनुसार, रतहर निवासी सुखीलाल अपनी पत्नी के साथ जंगल में लकड़ियां काट रहे थे। सुखीलाल पेड़ पर चढ़े थे और उनकी पत्नी नीचे लकड़ियां जमा कर रही थीं। पर्याप्त लकड़ियां जमा होने पर पत्नी ने सुखीलाल को नीचे उतरने को कहा। पेड़ से उतरते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से जमीन पर गिर पड़े। गंभीर घायल पति को देखकर पत्नी मदद के लिए चीखती रही। घने जंगल में कोई मदद नहीं मिली। कुछ देर बाद जंगल से गुजर रहे लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सुखीलाल की सांसें थम चुकी थीं। पत्नी अपनी आंखों के सामने पति को खोने से सदमे में है।

