कानपुर के मोतीझील स्थित लाजपत भवन में गुरुवार रात नगाड़ा नाइट डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा की एक झलक पाने के लिए हजारों लोग पहुंचे। कार्यक्रम शाम 7:30 बजे शुरू हुआ। लंबे इंतजार के बाद रात करीब 9:52 बजे अंजलि अरोड़ा मंच पर पहुंचीं, लेकिन वह करीब 12 मिनट ही वहां रुकीं। इस दौरान वह तीन बार नाराज हुईं। पहले ऑडियंस को हो रही परेशानी को लेकर उन्होंने आयोजकों पर सवाल उठाए। इसके बाद डीजे पर ‘कच्चा बादाम’ गाना बजते ही वह भड़क गईं। उन्होंने मंच से कहा- ‘आर्टिस्ट की रिस्पेक्ट करनी नहीं आती क्या?’ देखिए तीन तस्वीरे…
‘ये कैसा इंतजाम है, ऑडियंस को देखा नहीं जा रहा’
अंजलि अरोड़ा के मंच पर पहुंचने से पहले कार्यक्रम में लोग फिल्मी गानों पर डांडिया करते नजर आए। रात करीब 9:52 बजे अंजलि मंच पर पहुंचीं। उन्होंने सबसे पहले कानपुर के लोगों से बातचीत करते हुए पूछा, ‘कानपुर वाले कैसे हैं?’ इसके बाद उन्होंने ‘नगाड़ा संग ढोल बाजे’ गाने पर ऑडियंस के साथ डांस किया। कुछ ही मिनट बाद एक पंजाबी गाने के दौरान उन्होंने माइक हाथ में ले लिया। ऑडियंस की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ‘ये कैसा इंतजाम है? यहां तो ऑडियंस को देखा नहीं जा रहा है। एक ऑडियंस के कुछ लग गया है, इसका ख्याल रखिए।’ इसके बाद उन्होंने दोबारा डांस शुरू किया, लेकिन इसी बीच डीजे ने ‘कच्चा बादाम’ गाना बजा दिया। ‘इस तरह से कानपुर में कोई आर्टिस्ट नहीं आएगा’
‘कच्चा बादाम’ गाना बजते ही अंजलि ने डांस रोक दिया। गाना बंद होने के बाद उन्होंने फिर माइक संभाला और इंतजामों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, ‘कैसा इंतजाम है? इस तरह से कानपुर में कोई आर्टिस्ट नहीं आएगा।’ इसके बाद वह डीजे के पास पहुंचीं और नाराजगी जताते हुए कहा, ‘क्या आर्टिस्ट की रिस्पेक्ट करनी नहीं आती है? बुलाइए ऑर्गनाइजर को। कहां है मैनेजमेंट?’ अंजलि ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि वह अब यहां नहीं रुक सकतीं। उन्होंने कहा कि हर चीज की एक गाइडलाइन होती है। मंच से उन्होंने यह भी कहा कि लोग घंटों से गर्मी में इंतजार कर रहे हैं, ऐसे में इस तरह का इंतजाम ठीक नहीं है। ‘मैं क्या मोमेंटो दूं, मैं कोई मोमेंटो नहीं दे रही’
कार्यक्रम के दौरान अंजलि ने मोमेंटो देने को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने मंच से कहा, ‘मैं क्या मोमेंटो दूं, मैं कोई मोमेंटो नहीं दे रही।’
इसके बाद उन्होंने ऑडियंस की तरफ सेल्फी ली और मंच से चली गईं। अंजलि के अचानक कार्यक्रम छोड़ने से वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।

