राजस्थान के फलोदी जिले में बोरवेल में गिरे बच्चे को निकालने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। गुरुवार रात करीब 9 बजे अजमेर से NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची थी। बच्चे को निकालने के लिए सरिए का जाल बनाकर बोरवेल में उतारने का प्रयास किया गया। लेकिन बच्चे को बाहर नहीं निकाला जा सका। NDRF टीम मौके पर ही मौजूद है और लगातार प्रयास किए जा रहे है। पूनिया की ढाणी निवासी 9 साल का भोमाराम गुरुवार दोपहर साढ़े 12 बजे 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था। खेत में बोरवेल खराब हो गया था, जिसे ठीक करने के लिए मशीन बुलाई गई थी। इसी दौरान बच्चा अचानक बोरवेल में गिर गया था। बच्चे के पिता पाचाराम भी पास में ही खड़े थे। मामले का पता लगने पर एसडीआरएफ और पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और बोरवेल में कैमरा डाला। 640 फीट नीचे बच्चे का मूवमेंट नजर आया। SDRF ने 2 बार बच्चे को निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद रात करीब 9 बजे अजमेर से NDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था। घटना स्थल से जुड़ी PHOTOS कैमरा और पाइप अंदर डालने में हो रही परेशानी जानकारी अनुसार- बोरवेल में करीब 30 फीट की गहराई पर पत्थर आने से कैमरा और पाइप अंदर डालने में परेशानी हो रही है। पत्थर को हटाने के लिए स्थानीय जुगाड़ विशेषज्ञों को बुलाया गया है। लोहे के सरियों को वेल्डिंग कर विशेष उपकरण तैयार किया जा रहा है, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन को आगे बढ़ाया जा सके। रेस्क्यू के दौरान बच्चे की शर्ट बाहर निकली है, लेकिन भोमाराम अभी भी बोरवेल के अंदर फंसा हुआ है। इधर, माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरा गांव बच्चे की सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहा है। बोरवेल में एक कैमरा भी उतारा गया है। इस कैमरे से लगातार बच्चे के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि इस दौरान बच्चे ने अपने पिता को भी आवाज दी। कैमरे की मदद से एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बच्चे तक जाल पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं, ताकि उसे सुरक्षित निकाला जा सके। पिता बोले-मेरी आंखों के सामने बोरवेल में गिरा था बेटा बच्चे के पिता पाचाराम ने बताया- मेरा बेटा मेरे सामने ही गिरा था। मैंने अपने बेटे को गिरते हुए देखा। मैं मोटर निकाल रहा था, इसी दौरान यह हादसा हो गया। जब मैंने पीछे मुड़कर देखा तो उसके सिर और हाथ ही दिख रहे थे। जब तक मैं वहां पहुंचा तब तक वह बोरवेल की गहराई में चला गया था। (इनपुट: जुगल किशोर शर्मा, नौसर) ————————- ये खबर भी पढ़ें… राजस्थान में पिता के सामने बोरवेल में गिरा बेटा:640 फीट की गहराई में अटका, कैमरे में मूवमेंट दिख रहा; SDRF का रेस्क्यू 2 बार फेल

