झांसी रेलवे स्टेशन पर शातिर चोर मोबाइल फोन की घंटी लगातार बजने के चलते पकड़ा गया। वह मोबाइल फोन स्टेशन के बाहर निकलने के बाद स्विच ऑफ करने वाला था लेकिन इससे पहले महिला टीटीई ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को जीआरपी के हवाले कर दिया गया। घटना 14 अक्टूबर की रात करीब 11. 30 बजे की है। ड्यूटी के दौरान डिप्टी चीफ टिकट इंस्पेक्टर सरिता नोनिया ने प्लेटफॉर्म पर एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते देखा। वह बिना टिकट यात्रा कर रहा था। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसे इंचार्ज हेड टीसी ऑफिस के सीटीआई परमानंद सोनी के सुपुर्द किया गया। परमानंद सोनी ने संदिग्ध से पूछताछ की तो उसकी गतिविधियां संदेहास्पद लगीं। युवक के पास एक महंगा स्मार्ट फोन था, जो लगातार बज रहा था लेकिन आरोपी फोन रिसीव नहीं कर रहा था। इसी बात से सीटीआई का शक उस पर गहरा गया। इसके बाद उन्होंने युवक से मोबाइल लेकर कॉल रिसीव की तो सामने से एक महिला यात्री ने बताया कि उनका बैग और मोबाइल फोन ट्रेन में सफर के दौरान चोरी हुआ है। वहीं जब आरोपी युवक से सख्ती से पूछताछ की तो उसने भी यह स्वीकार कर लिया कि उसने बैग और मोबाइल चोरी किया है। स्टेशन के बाहर निकलकर बंद कर लेता मोबाइल महिला टीटीई की सतर्कता से पकड़े गए युवक ने बताया कि वह ट्रेन से बैग और मोबाइल चोरी कर स्टेशन के बाहर जाने के लिए प्लेटफॉर्म पर आया था। उसका मकसद यह था कि वह स्टेशन से बाहर निकलने के बाद मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर देगा और बैग से कीमती सामान और नगदी निकाल लेगा, लेकिन वह बाहर नहीं निकल पाया और महिला टीटीई ने उसे पकड़ लिया। जीआरपी को सौंपा आरोपी मामले की गंभीरता को देखते हुए टीटीई ने तत्काल जीआरपी को सूचना दी। साथ ही संबंधित महिला यात्री को सामने की सुपुर्दगी के लिए टीसी कार्यालय पहुंचने को कहा गया। यहां से सभी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद यात्री को उनका सामान और मोबाइल फोन लौटा दिया जाएगा। शुरूआती पूछताछ में आरोपी की पहचान अभिषेक पुत्र जगदीश, निवासी ग्राम मोहनपुरा, थाना पृथ्वीपुर, जिला निवाड़ी के रूप में हुई है। अब उससे जीआरपी चोरी के दूसरे मामलों में भी पूछताछ कर रही है।

