एडीएम अमित कुमार का ट्रांसफर:आगरा का सीडीओ बनाया गया, ढाई साल से कानपुर देहात में थे तैनात

एडीएम अमित कुमार का ट्रांसफर:आगरा का सीडीओ बनाया गया, ढाई साल से कानपुर देहात में थे तैनात

कानपुर देहात जिले में तैनात एडीएम प्रशासन अमित कुमार का तबादला कर दिया गया है। शासन ने उन्हें आगरा का मुख्य विकास अधिकारी यानी सीडीओ नियुक्त किया है। बुधवार को जारी तबादला आदेश के साथ ही आईएएस बनने के बाद उनकी नई तैनाती को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया है। अमित कुमार कानपुर देहात में 30 जनवरी 2024 से एडीएम प्रशासन के पद पर तैनात थे। करीब ढाई साल से अधिक समय तक जिले में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालने के बाद अब उन्हें आगरा में नई जिम्मेदारी दी गई है। गौरतलब है कि अमित कुमार को 30 जून 2026 को पीसीएस से पदोन्नति देकर भारतीय प्रशासनिक सेवा यानी आईएएस कैडर में शामिल किया गया था। पदोन्नति के बाद से ही उनकी नई तैनाती को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। बुधवार को शासन की ओर से जारी आदेश में उन्हें आगरा का सीडीओ बनाए जाने की पुष्टि हुई। मुख्य विकास अधिकारी के तौर पर अमित कुमार आगरा में विकास योजनाओं की निगरानी, सरकारी परियोजनाओं के क्रियान्वयन और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, उनके तबादले के बाद कानपुर देहात में एडीएम प्रशासन का पद रिक्त होगा। अब जिले में इस पद की जिम्मेदारी किस अधिकारी को सौंपी जाएगी, इस पर सभी की निगाहें हैं। फिलहाल, शासन के आदेश के बाद अमित कुमार की नई तैनाती तय हो गई है। कानपुर देहात में उनके स्थान पर नए अधिकारी की नियुक्ति को लेकर अलग से आदेश जारी होने का इंतजार है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *