धौलपुर में नगर परिषद चुनाव की चुनावी रंजिश अब मारपीट तक पहुंच गई है। बुधवार सुबह उपसभापति रेखा कोली और भाजपा प्रत्याशी प्रियंका के समर्थकों के बीच लाठी-डंडे चले। इसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। विवाद एक वोट से उपसभापति चुनी गईं रेखा कोली और भाजपा प्रत्याशी प्रियंका के समर्थकों के बीच हुआ। चुनावी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपसभापति के परिजन भी पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल में भी उपसभापति पक्ष के लोगों ने भाजपा प्रत्याशी पक्ष के लोगों की लाठी डंडों से बेरहमी से मारपीट कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दूसरे पक्ष ने उपसभापति पक्ष पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया है। कोतवाली थाना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और अस्पताल में हुई मारपीट की जांच कर रही है।

