राजपुर पीएचसी की इमरजेंसी सेवा बंद:डॉक्टरों की कमी से मरीजों की बढ़ी मुश्किलें, CMO बोले- डॉक्टर मिलने पर दोबारा शुरू करेंगे सुविधा

राजपुर पीएचसी की इमरजेंसी सेवा बंद:डॉक्टरों की कमी से मरीजों की बढ़ी मुश्किलें, CMO बोले- डॉक्टर मिलने पर दोबारा शुरू करेंगे सुविधा

कानपुर देहात में डॉक्टरों की कमी का खामियाजा अब मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में इमरजेंसी इलाज की सुविधा बंद कर दी गई है। ऐसे में सड़क हादसे या अचानक तबीयत बिगड़ने पर मरीजों को तत्काल इलाज के लिए सिकंदरा या पुखरायां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ेगा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसके लिए करीब 20 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों की कमी को सेवा बंद करने की वजह बताया है। इस फैसले से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। आसपास के गांवों के मरीजों की बढ़ेगी परेशानी राजपुर पीएचसी में पहले इमरजेंसी सेवाएं संचालित हो रही थीं, लेकिन एमबीबीएस डॉक्टरों की कमी के चलते इन्हें बंद करना पड़ा। इसका असर राजपुर और आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है। सड़क हादसे में घायल होने या अचानक गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को अब इमरजेंसी इलाज के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों का रुख करना होगा। ऐसे में गंभीर मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में लगने वाला अतिरिक्त समय परेशानी बढ़ा सकता है। खासकर दुर्घटना में घायल लोगों के लिए समय पर इलाज मिलना चुनौती बन सकता है। स्थानीय लोगों की मांग है कि पीएचसी में इमरजेंसी सेवा जल्द बहाल की जाए, ताकि उन्हें इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। डॉक्टरों की कमी से 24 घंटे सेवा चलाना मुश्किल कानपुर देहात के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जय गोविंद ने बताया कि राजपुर पीएचसी में एमबीबीएस डॉक्टरों की कमी के कारण इमरजेंसी सेवा बंद करनी पड़ी है। पहले दूसरे डॉक्टरों की ड्यूटी लगाकर यह सुविधा संचालित की जा रही थी, लेकिन सीमित डॉक्टरों के सहारे 24 घंटे इमरजेंसी सेवा चलाना संभव नहीं हो पा रहा था। क्षेत्रीय विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अजीत सिंह पाल ने इमरजेंसी सेवा दोबारा शुरू कराने की बात कही है। वहीं, सीएमओ डॉ. जय गोविंद के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग दूसरे डॉक्टरों की ड्यूटी लगाकर सेवा बहाल करने की संभावनाएं तलाश रहा है। शासन से डॉक्टर उपलब्ध होने पर राजपुर पीएचसी में इमरजेंसी इलाज की सुविधा दोबारा शुरू की जा सकती है। फिलहाल, डॉक्टरों की उपलब्धता पर ही सेवा की बहाली निर्भर है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *