गणेश निषाद गोरखपुर जिला व संतोष महानगर के अध्यक्ष बने:भाजपा ने घोषित किया पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्षों की सूची

गणेश निषाद गोरखपुर जिला व संतोष महानगर के अध्यक्ष बने:भाजपा ने घोषित किया पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्षों की सूची

भाजपा की ओर से मंगलवार की रात एक और मोर्चे के जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी गई। पिछड़ा वर्ग मोर्चा में गणेश निषाद को गोरखपुर जिले का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। संतोष राजभर को गोरखपुर महानगर के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी की ओर से अभी भाजयुमो के पदाधिकारियों की घोषणा बाकी है। भाजपा की ओर से गोरखपुर क्षेत्र के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्षों की सूची में अनुभव को तरजीह दी गई है। जिलाध्यक्ष बनाए गए गणेश निषाद कैंपियरगंज क्षेत्र में भाजपा के मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके जरिए भाजपा ने निषाद मतदाताओं को संदेश देने की कोशिश की है। सपा की पत्रकारवार्ता के दौरान हुए थप्पड़ कांड के बाद गोरखपुर के निषादों में आक्रोश था। हालांकि निषाद सपा से निष्कासित नेता अंशुमान सिंह को लेकर आक्रोशित थे। लेकिन भाजपा ने भी इस मौके को भुनाने की कोशिश की है। एक पुराने कार्यकर्ता को जिलाध्यक्ष बनाकर निषाद समाज के साथ अन्य पिछड़े वर्ग में संदेश देने की कोशिश की गई है। इसी तरह महानगर के अध्यक्ष बनाए गए संतोष राजभर यहां महानगर महामंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। यह वर्ग अतिपिछड़े में माना जाता है। अखिलेश भी पीडीए के जरिए इन्हीं मतों पर निशाना साधने की कोशिश कर रहे हैं। गोरखपुर क्षेत्र के कई विधानसभा क्षेत्रों में राजभर मतदाताओं की संख्या अच्छी-खासी है। पूरे क्षेत्र की सूची एक साथ जारी होने से इस वर्ग के मतदाताओं में अच्छा संदेश जाएगा। भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं का इंतजार भी जल्द खत्म होने की उम्मीद है। पार्टी सूत्रों की मानें तो जल्द ही भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्षों की सूची जारी हो सकती है। कई जनप्रतिनिधि भी अपने करीबी युवाओं की पैरवी में जुटे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *