पंजाब के पूर्व सीएम चन्नी का AAP सरकार पर हमला:पंजाब में हत्याएं, नशा और गैंगस्टरवाद बढ़ा’; CM मान से मांगा इस्तीफा

पंजाब के पूर्व सीएम चन्नी का AAP सरकार पर हमला:पंजाब में हत्याएं, नशा और गैंगस्टरवाद बढ़ा’; CM मान से मांगा इस्तीफा

मंगलवार को जालंधर पहुंचे कांग्रेस सांसद एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कानून-व्यवस्था, नशे और गैंगस्टरवाद के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को घेरा। परविंदर सिंह झोटा की हत्या पर दुख जताते हुए चन्नी ने आरोप लगाया कि पंजाब में हत्याएं आम होती जा रही हैं और सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की और पंजाब के लोगों से सरकार को सत्ता से बाहर करने की अपील की। ‘नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले झोटा की हत्या बेहद दुखद’ चन्नी ने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले समाजसेवी परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या किया जाना बेहद दुखद है। उन्होंने आरोप लगाया कि झोटा नशे के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे थे और पहले भी उनके खिलाफ कार्रवाई की गई थी। चन्नी ने कहा कि वह झोटा के परिवार के साथ खड़े हैं और उनसे मिलने जाएंगे। उन्होंने झोटा को शहीद बताते हुए कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आती जा रही है, जिससे भविष्य को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो रही हैं। गैंगस्टरों और नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरा चन्नी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार गैंगस्टरों को राजनीतिक संरक्षण दे रही है और उन्हें पद देने के साथ चुनाव में टिकट देने के वादे भी किए जा रहे हैं। उन्होंने विधायकों पर भी नशे के कारोबार से जुड़े होने के आरोप लगाए। चन्नी ने कहा कि पंजाब में नशे के कारण युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है और सरकार इस समस्या को रोकने में विफल रही है। ये सभी आरोप चन्नी ने राजनीतिक बयानबाजी के दौरान लगाए हैं। CM के OSD पर ED की कार्रवाई को लेकर भी साधा निशाना मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर सिंह घुम्मन से जुड़े मामले में ED की कार्रवाई पर चन्नी ने भ्रष्टाचार, रेत की कथित अवैध बिक्री और तबादलों में पैसे लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी ने गलत काम किया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। चन्नी ने स्पष्ट किया कि वह पंजाब में ED और CBI की छापेमारी के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन इस मामले में कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेशों के बाद हुई है। उन्होंने मामले में शामिल बताए जा रहे सभी लोगों की जांच की मांग की। ‘साढ़े चार साल में सरकार पूरी तरह विफल रही’ मुख्यमंत्री द्वारा परविंदर झोटा हत्याकांड को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाने पर भी चन्नी ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को साढ़े चार साल में कानून-व्यवस्था और नशे के मुद्दे पर काम करना चाहिए था। चन्नी ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशा, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार बढ़ा है तथा अब राज्य में बदलाव की जरूरत है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल सहित AAP नेतृत्व पर भी निशाना साधा और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों की जांच की मांग की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *