पलवल के केजीपी एक्सप्रेस-वे पर डाढौता गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से ट्रक टकरा गया। इस हादसे में ट्रक ड्राइवर नीरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। चांदहट थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर कंटेनर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अमरपुर चौकी प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, जिला औरैया (यूपी) के हरतौली गांव के 47 वर्षीय नीरज कुमार ट्रक चलाते थे। 12 अक्टूबर की रात वह नोएडा से माल लेकर झज्जर जा रहे थे। यहां देखें फोटो… रात करीब 12:30 बजे उनका ट्रक केजीपी एक्सप्रेस-वे पर डाढौटा गांव के पास गलत तरीके से खड़े कंटेनर से टकरा गया। टक्कर के बाद नीरज का शव ट्रक के कैबिन में फंस गया था। पुलिस ने क्रेन की मदद से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए पलवल के जिला नागरिक अस्पताल भेजा। पुलिस ने कंटेनर और ट्रक को हटाकर यातायात चालू कराया है। कंटेनर चालक की तलाश जारी है।

