जालौन में महिला सम्मान कार्यक्रम, मेधावी छात्राएं और खिलाड़ी सम्मानित:पुलिस लाइन में एसपी ने किया शुभारंभ, सशक्तिकरण और सुरक्षा पर दिया जोर

जालौन में महिला सम्मान कार्यक्रम, मेधावी छात्राएं और खिलाड़ी सम्मानित:पुलिस लाइन में एसपी ने किया शुभारंभ, सशक्तिकरण और सुरक्षा पर दिया जोर

महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस लाइन उरई में महिला सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बहादुरी का परिचय देने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं, प्रतिष्ठित महिला खिलाड़ियों, स्कूल-कॉलेजों की मेधावी छात्राओं, डॉक्टरों, नर्सों, महिला शिक्षकों तथा सामाजिक संगठनों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं और बालिकाओं को आमंत्रित किया गया। अपने-अपने क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं का सम्मान कर उनके कार्यों की सराहना की गई। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना आवश्यक है। जालौन पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभाशाली महिलाओं को प्रोत्साहित करने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। एसपी ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में सामने आकर शिकायत करने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की उपलब्धियां अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनती हैं और समाज को आगे बढ़ने की दिशा देती हैं। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *