बंद मकान से 8 लाख की ज्वेलरी-कैश भी पार:दरवाजे टूटे देख पड़ोसियों ने मालिक को फोन किया, CCTV में एक महिला और 3 युवक दिखे

बंद मकान से 8 लाख की ज्वेलरी-कैश भी पार:दरवाजे टूटे देख पड़ोसियों ने मालिक को फोन किया, CCTV में एक महिला और 3 युवक दिखे

चित्तौड़गढ़ के गांधीनगर इलाके में चोरों ने 29 दिन से बंद पड़े एक मकान को निशाना बना लिया। चोरों ने 10 अक्टूबर की रात करीब 1.20 बजे मकान के ताले तोड़कर अंदर एंट्री की और चार अलमारियों के ताले तोड़कर करीब 8 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और डेढ़ लाख रुपए नकद पार कर लिए। सुबह जब पड़ोसियों ने मकान की लाइट जलती, खिड़की और दरवाजे खुले देखे तो उन्हें चोरी का शक नहीं हुआ। उन्हें लगा कि मकान मालिक वापस आ गए हैं। शाम तक जब मकान से कोई बाहर नहीं आया तो पड़ोसियों ने फोन कर जानकारी ली। इसके बाद पता चला कि मकान मालकिन तो अभी सूरत में हैं और घर पर कोई नहीं आया है। पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था और चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर रेखा देवी सूरत से सीधे चित्तौड़गढ़ पहुंचीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 15 सितंबर को पति के साथ गई थीं मुंबई गांधीनगर सेक्टर-4 निवासी रेखा देवी पत्नी प्रदीप सोमानी (56) ने कोतवाली थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रेखा देवी ने बताया कि वह अपने पति प्रदीप सोमानी (59) के साथ 15 सितंबर को बेटे के पास मुंबई गई थीं। दोनों करीब 29 दिन से घर से बाहर थे और मकान पर ताला लगा हुआ था। प्रदीप सोमानी पहले भंगार के गोदाम में नौकरी करते थे, लेकिन पिछले करीब एक साल से उन्होंने काम नहीं किया है। वहीं रेखा देवी गृहिणी हैं। रेखा देवी ने बताया कि मुंबई जाने के बाद करीब तीन दिन पहले वह अपनी बेटी से मिलने सूरत, गुजरात चली गई थीं। उनका वापस मुंबई जाने का कार्यक्रम था और इसके बाद चित्तौड़गढ़ लौटना था, लेकिन इससे पहले ही पड़ोसियों का फोन आ गया। सूचना मिलते ही रेखा देवी सूरत से रवाना होकर सीधे चित्तौड़गढ़ पहुंचीं। यहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि मकान के मेन गेट के दोनों ताले टूटे हुए थे। अंदर जाने पर पूरे घर में सामान फैला हुआ था। चोरों ने कमरों में रखी चार अलमारियों के ताले तोड़कर उनमें रखा कीमती सामान निकाल लिया था। सोने-चांदी के जेवर और डेढ़ लाख नकद चोरी पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चोर घर से करीब 8 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और डेढ़ लाख रुपए नकद लेकर गए हैं। चोरी की गए सामान में सोने के दो जोड़ी कान के टॉप्स शामिल हैं, जिनका वजन आधा-आधा तोला बताया गया है। इसके अलावा सोने के दो कान के टॉप्स और चार सोने की लौंग भी चोरी हुई हैं। चोर घर से चांदी के 23 सिक्के, चार चांदी के गिलास, एक चांदी की कटोरी, एक चांदी का नारियल, छह जोड़ी पायल, दो जोड़ी हाथ के कड़े और 10 जोड़ी बिछए भी ले गए। इसके अलावा घर में रखे करीब 1 लाख 50 हजार रुपए नकद भी गायब मिले हैं। रेखा देवी ने बताया कि घर का पूरा सामान जांचने के बाद अपने भाई मुकेश मूंदड़ा के साथ कोतवाली थाने पहुंची। CCTV में पहले महिला फिर 3 युवक दिखाई दिए मामला दर्ज होने पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे में संदिग्धों की गतिविधियां देखी। फुटेज में एक महिला पहले पास की गली से निकलती हुई नजर आई। इसी दौरान पुलिस गश्त की गाड़ी वहां से गुजरी तो महिला मकान के सामने बने खाली प्लॉट में जाकर छिप गई। कुछ समय बाद तीन युवक भी वहां पहुंचे और वे भी उसी प्लॉट में छिपते हुए दिखाई दिए। पुलिस को आशंका है कि इन लोगों ने पहले इलाके की निगरानी की और यह पता किया कि कौन सा मकान खाली है। इसके बाद रात में मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। रात 1.20 बजे घर में घुसे चोर पुलिस के अनुसार चोरी की घटना 10 अक्टूबर की रात करीब 1.20 बजे हुई। चोरों ने पहले मकान के मुख्य गेट के ताले तोड़े और फिर अंदर जाकर अलमारियों को निशाना बनाया। मंगलवार दोपहर को कोतवाली थाने के एएसआई प्रकाश चंद्र मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *