इंदौर में मंगलवार सुबह एक टेम्पो ट्रैवलर चालक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हीरानगर इलाके में लोडिंग वाहन को टक्कर मारने के बाद चालक बाणगंगा पहुंचा, जहां बाइक सवार को टक्कर मारते हुए बिजली के पोल में जा घुसा। घटना के बाद लोगों ने करीब दो किलोमीटर तक वाहन का पीछा किया और चालक की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घायल बाइक सवार और एक अन्य व्यक्ति को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सयाजी के पास से चाबी लगी गाड़ी लेकर निकला एडिशनल डीसीपी ओमप्रकाश के मुताबिक घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मानसिक रूप से बीमार बताए जा रहे एक युवक ने सयाजी होटल के पास खड़ी चाबी लगी टेम्पो ट्रैवलर गाड़ी ले ली। इसके बाद वह तेज गति से वाहन चलाते हुए हीरानगर इलाके में कर्णवात पान कॉर्नर के सामने पहुंचा और एक लोडिंग वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक को टक्कर मारकर बिजली के पोल में घुसा लोडिंग वाहन को टक्कर मारने के बाद चालक वहां से निकल गया और बाणगंगा इलाके में पहुंचा। यहां उसने बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर कुछ दूरी पर बिजली के पोल में वाहन घुसा दिया। लगातार टक्करों के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दो किलोमीटर तक पीछा, चालक की पिटाई घटना के बाद लोगों ने टेम्पो ट्रैवलर का करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया। बाणगंगा में वाहन रुकने के बाद लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने तीनों वाहन जब्त किए पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टेम्पो ट्रैवलर, बाइक और लोडिंग रिक्शा जब्त कर थाने पहुंचा दिए हैं। हादसे में खातीपुरा निवासी इंद्रपाल सहित दो घायलों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। चालक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

