बाड़मेर जिले के बायतु थाना क्षेत्र में शादी के 3 साल बाद 22 साल की विवाहिता की ससुराल में में मौत हो गई। पीहर पक्ष ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि मिर्गी आने से विवाहिता की मौत हुई। पुलिस ने शव को बाड़मेर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। फिलहाल मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना सोमवार, 12 अक्टूबर को बायतु थाना क्षेत्र के माडपुरा पुराना गांव में दोपहर करीब 3 बजे की है। पुलिस को शाम को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद टीम हॉस्पिटल पहुंची। तबीयत बिगड़ने पर हॉस्पिटल लाए, मौत हो गई पुलिस के अनुसार, माडपुरा पुराना गांव निवासी दिव्या सुथार (22) पत्नी राणाराम की सोमवार को तबीयत बिगड़ गई। ससुराल के लोग उसे बाड़मेर हॉस्पिटल लेकर आए, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। जानकारी मिलने पर पीहर पक्ष के लोग भी मॉर्च्युरी पहुंचे। चाचा बोले- टैक्सी वाले ने बताया, पहले ही हो चुकी थी मौत मृतका के चाचा नरपतराम ने बताया कि 11 अक्टूबर की रात फोन पर दिव्या की तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई थी। उस समय उसे हॉस्पिटल ले जाने की बात कही गई, लेकिन कुछ देर बाद बताया कि अब उसकी तबीयत ठीक है। सोमवार यानी 12 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे फिर फोन आया कि दिव्या की तबीयत खराब हो गई है। बार-बार कहने पर उसे हॉस्पिटल लेकर आए। चाचा के अनुसार, टैक्सी वाले ने बताया कि दिव्या की मौत पहले ही हो चुकी थी। दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप, एक साल पहले हुई थी पंच-पंचायती पीहर पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दिव्या को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। करीब एक साल पहले दिव्या ने पीहर पक्ष को इस बारे में बताया था। इसके बाद सामाजिक स्तर पर पंच-पंचायती भी हुई थी। आरोप है कि इसके बावजूद उसे दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। पीहर पक्ष ने जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या करने का भी आरोप लगाया है। ससुराल पक्ष ने मिर्गी आने से मौत होने की बात कही बायतु थाने के एएसआई राजकुमार ने बताया – ससुराल पक्ष का कहना है कि दिव्या को मिर्गी आई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। परिजन की ओर से रिपोर्ट दिए जाने के बाद उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका के पिता गोवा में फर्नीचर का काम करते हैं।

