मुरैना जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जौरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली की कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। नरहेला रोड पर चेकिंग के दौरान पकड़ा पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को पुलिस चेकिंग गश्त कर रही थी। तभी नरहेला रोड पर मटमुट माता मंदिर के पास से एक व्यक्ति अवैध रूप से रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर निकला। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया। आसन नदी की रेत होने की पुष्टि ट्रैक्टर-ट्रॉली की जांच करने पर उसमें आसन नदी की रेत भरी मिली। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP06-ZC-1736 को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इन धाराओं में दर्ज किया केस एसडीओपी जौरा नितिन बघेल के अनुसार आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 465/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(5), खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4(1), 21(1) और मध्यप्रदेश खनिज अधिनियम की धारा 18(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

