बुलंदशहर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के लिए ‘मिशन शक्ति 6.0’ अभियान के तहत पुलिस महकमा सक्रिय रहा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों और स्थानीय फोर्स ने बुलंदशहर की सड़कों पर पैदल गश्त निकाली। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा का कड़ा संदेश दिया गया और महिलाओं में विश्वास की भावना को मजबूत किया गया। यह पैदल गश्त पुलिस लाइन से शुरू होकर सिविल लाइन रोड, अंसारी चौक जैसे व्यस्त इलाकों से गुजरी। गश्त के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद नजर आई। अधिकारियों ने सड़कों पर पैदल चलकर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया और आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षित माहौल देने का भरोसा दिलाया। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन हमेशा से प्राथमिकता रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ‘मिशन शक्ति’ का यह चरण महिलाओं में सुरक्षा का भाव पैदा करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रति जागरूक करने के लिए एक प्रभावी माध्यम है।

