Machan Baba Poster Release: भारतीय संत परंपरा के रहस्यमयी और चर्चित संत देवराहा बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘मचान बाबा’ बनने जा रही है। ब्रिटेन की भारतीय मूल की कारोबारी पूनम गुप्ता OBE, जिन्हें ‘पेपर क्वीन’ के नाम से जाना जाता है, इस फिल्म के जरिए फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रखने जा रही हैं। फिल्म का आधिकारिक टाइटल पोस्टर जारी कर दिया गया है और इसे साल 2027 में दुनियाभर में रिलीज करने की योजना है।
‘मचान बाबा’ का निर्माण कर रहीं पूनम गुप्ता
‘मचान बाबा’ का निर्माण पूनम गुप्ता और अमेरिका में रहने वाले उद्यमी विकल्प पालीवाल मिलकर कर रहे हैं। फिल्म ‘ओजल फिल्म्स’ के बैनर तले बनाई जा रही है। फिलहाल इसका प्री-प्रोडक्शन का काम चल रहा है। फिल्म की टीम देवराहा बाबा से जुड़े साहित्य, पुराने दस्तावेजों, दुर्लभ तस्वीरों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुभवों पर रिसर्च कर रही है।
देवराहा बाबा को भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के सबसे रहस्यमयी संतों में गिना जाता है। उनकी उम्र को लेकर अलग-अलग दावे और संस्मरण मिलते हैं, लेकिन उनकी वास्तविक आयु को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। आम श्रद्धालुओं के अलावा देश के कई बड़े राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोग भी उनके दर्शन और आशीर्वाद के लिए पहुंचते थे।
देवराहा बाबा से जुड़े कई चर्चित प्रसंगों को दिखाने की तैयारी
फिल्म में देवराहा बाबा से जुड़े कई चर्चित प्रसंगों को दिखाने की तैयारी है। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से जुड़ा प्रसंग भी शामिल है। इसके अलावा फिल्म में संत नीब करौरी बाबा और देवराहा बाबा के संबंध से जुड़े संस्मरणों की झलक भी देखने को मिल सकती है। राजीव गांधी समेत कई बड़े नेताओं के साथ देवराहा बाबा की मुलाकातों का भी लंबे समय से जिक्र होता रहा है।
पूनम गुप्ता ने कहा कि देवराहा बाबा का जीवन केवल आध्यात्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और मानवीय नजरिए से भी बेहद दिलचस्प है। उनकी साधना, मचान पर रहने की शैली और देश के बड़े व्यक्तित्वों से मुलाकातों से जुड़े कई प्रसंग आज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म के जरिए इस असाधारण जीवन को श्रद्धा, संवेदनशीलता और रिसर्च के साथ पर्दे पर लाने की कोशिश की जाएगी।
सह-निर्माण कर रहे विकल्प पालीवाल
सह-निर्माता विकल्प पालीवाल ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपरा की कई कहानियों में वैश्विक अपील है। ‘मचान बाबा’ के जरिए रहस्य, आस्था और मानवीय अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। निर्माताओं के मुताबिक फिल्म का उद्देश्य सिर्फ चमत्कारों या किंवदंतियों को दिखाना नहीं, बल्कि देवराहा बाबा के व्यक्तित्व और उनसे जुड़े रहस्य की अलग-अलग परतों को समझना है।

