Rajasthan: पंचायत चुनाव से पहले बड़ी कार्रवाई, सरपंच पर जानलेवा हमले का इनामी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा मिला

Rajasthan: पंचायत चुनाव से पहले बड़ी कार्रवाई, सरपंच पर जानलेवा हमले का इनामी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा मिला

झुंझुनूं। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव से पहले अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। झुंझुनूं जिले के सिंघाना में पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई कर सरपंच पर जानलेवा हमले के मामले में वांछित 20 हजार रुपए के इनामी आरोपी कपिल उर्फ कपिल पंडित और उसके साथी मनीष पंडित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो देशी कट्टे, दो मैग्जीन और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस को प्रारंभिक जानकारी में आशंका थी कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हो सकते हैं। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त, बदमाशों की निगरानी और बूथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा को सूचना मिली कि बाय गांव के सरपंच पर रात के समय हुए जानलेवा हमले के मामले में वांछित कपिल पंडित अपने साथी के साथ ईश्कपुरा की रोही में मौजूद है।

jhunjhunu crime
बदमाशों के कब्जे से बरामद हथियार (फोटो-पत्रिका)

सूचना के बाद पुलिस ने दी दबिश

सूचना के मुताबिक, दोनों ढाणा से रोजड़ा जाने वाले रास्ते पर बालाजी मंदिर के पास थे और उनके पास हथियार भी थे। इस पर सिंघाना पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त टीम बनाकर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

पूछताछ में एक आरोपी की पहचान कपिल उर्फ कपिल पंडित पुत्र हरिराम निवासी बाय, थाना नवलगढ़ के रूप में हुई। दूसरे आरोपी की पहचान मनीष पंडित पुत्र गोपाल प्रसाद निवासी इकलेहरा, थाना डीग सदर, जिला डीग के रूप में की गई।

पिस्टल, दो कट्टे और 13 कारतूस बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो देशी कट्टे, दो मैग्जीन और 13 जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास अवैध हथियार कहां से आए और उनका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जाना था। हथियारों की खरीद-फरोख्त और अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े पहलुओं पर भी पूछताछ की जा रही है।

कपिल पर लूट और हत्या के प्रयास सहित 11 मामले

पुलिस के मुताबिक, कपिल उर्फ कपिल पंडित के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कुल 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। बाय सरपंच पर जानलेवा हमले के मामले में वह वांछित था और उस पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

पंचायत चुनाव से पहले हुई इस कार्रवाई को अवैध हथियारों और वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पुलिस और डीएसटी की टीमें रहीं शामिल

कार्रवाई में सिंघाना पुलिस टीम से थानाधिकारी सुगन सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार, योगेश और भूपेंद्र शामिल रहे। वहीं, डीएसटी टीम में प्रभारी हेमराज मीणा, एएसआई शशिकांत, हेड कांस्टेबल हरीश कुमार, जितेंद्र थाकन तथा कांस्टेबल संदीप कुमार और कुलदीप ने भूमिका निभाई। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

यह वीडियो भी देखें :

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *