शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार की संध्या पर अयोध्या जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। विभिन्न स्थानों पर सजाए गए दुर्गा पूजा पंडालों में माता रानी के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती का सिलसिला शुरू हो गया। शाम होते ही पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भक्तों ने माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पंडालों में गूंजते जयकारों और आरती से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की जा रही हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व में श्रद्धालु प्रतिदिन माता रानी के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा करेंगे। दुर्गा पूजा को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में कई दिन पहले से ही तैयारियां की जा रही थीं। पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शाम के समय रोशनी से जगमगाते पंडालों में श्रद्धालु आरती में शामिल होने के लिए पहुंचते रहे। जिले के मवई, रुदौली, सूरजगंज, सोहावल, कुमारगंज, मिल्कीपुर, बाबा बाजार, खंडासा, अमानीगंज, कुचेरा बाजार, शाहगंज, बहादुरगंज, अमरगंज और रानी बाजार समेत अन्य क्षेत्रों में भी दुर्गा पूजा की धूम रही। ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 2000 स्थानों पर माता रानी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इन स्थानों पर पूजा-पाठ और आरती के आयोजन किए जा रहे हैं। क्षेत्रों के मठ-मंदिरों में भी श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, घरों में कलश स्थापना करने वाले श्रद्धालु भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। नवरात्र को लेकर बाजारों और धार्मिक स्थलों के आसपास भी चहल-पहल बढ़ गई है। नवरात्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं, ताकि पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

