सुलतानपुर के सीताकुंड धाम में रविवार को गोमती मित्र मंडल का साप्ताहिक स्वच्छता श्रमदान बढ़ते जलस्तर और नदी के तेज बहाव के बीच संपन्न हुआ। प्रातः छह बजे से ही गोमती मित्रों ने धाम पहुंचकर साफ-सफाई का कार्य शुरू कर दिया। नालों का पानी सीधे गोमती नदी में गिरने के कारण तेज बहाव की वजह से नालों की गंदगी तट पर जमा हो रही है, जिससे सफाई चुनौतीपूर्ण हो गई है। इसके बावजूद गोमती मित्रों ने स्वच्छता अभियान जारी रखते हुए श्रमदान किया। नवरात्रि के चलते धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ रही है, ऐसे में गोमती मित्रों के सामने स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा का ध्यान रखने की जिम्मेदारी भी है। जिलाध्यक्ष अजीत शर्मा के नेतृत्व में कुछ गोमती मित्रों ने बंधुआ कलां स्थित श्री विंध्यवासिनी माता मंदिर में श्रमदान कर श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। सुबह 6 बजे शुरू हुआ श्रमदान प्रातः दस बजे तक चला, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह, प्रबंधक राजेंद्र शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता रमेश माहेश्वरी, दिनकर सिंह, राजेश पाठक, राकेश सिंह दद्दू, मुन्ना सोनी, रामु सोनी, आलोक तिवारी, अजीत शर्मा, अभय मिश्रा, आशु उपाध्याय, अशोक, अरुण अग्रहरि, दीपू आदि उपस्थित रहे।

