शामली। समाजवादी पार्टी की ओर से रविवार को 1 बजे शामली बाईपास स्थित खैवाल सिटी जिला कार्यालय पर महाराजा अग्रसेन और लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के उपलक्ष्य में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह ताना ने की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराजा अग्रसेन के जीवन और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए समाज में समानता, सहयोग और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया। वहीं, लोकनायक जयप्रकाश नारायण के संघर्षपूर्ण जीवन, लोकतंत्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सामाजिक परिवर्तन में उनके योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महापुरुषों के विचार समाज को सही दिशा देने का काम करते हैं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक सद्भाव, न्याय, समानता और जनकल्याण की भावना को मजबूत किया जा सकता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को महापुरुषों के संघर्ष और विचारों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सपा जिलाध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह ताना ने कहा कि समाजवादी विचारधारा सामाजिक न्याय, समानता और जनहित के मूल्यों को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने और समाज के सभी वर्गों के बीच सौहार्द बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शोकेन्द्र आचार्य, जलालाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष जहीर मलिक, अमित बंसल, जिला महासचिव चौधरी कलीम हसन, प्रदेश सचिव चौधरी शमशेर जंग, रवि बालियान, फैसल मलिक, सलीम कुरैशी, तौफीक कुरैशी, गोलू खैवाल, राजू सिंह, भारतीय किसान यूनियन टिकैत के ब्लॉक अध्यक्ष अशजद जंग, शहजाद अल्वी, फरमान अली और आवेस जंग सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में उपस्थित लोगों ने सामाजिक एकता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ दोनों महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

