ग्वालियर के तिघरा थाना क्षेत्र की कालाखेत बीट में अवैध खनन पर कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम को खनन में लगे लोगों ने धमकाया। वनकर्मियों का आरोप है कि छेनी-हथौड़ी जब्त कर लौटते समय आरोपियों ने बाइक अड़ाकर सरकारी वाहन का रास्ता रोक लिया। उन्होंने साथी को वनकर्मियों पर पत्थर फेंकने के लिए उकसाया और वन चौकी तोड़ने के साथ जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने पथराव किया तो वन अमले ने छिपकर जान बचाई। दूसरे सरकारी वाहन का सायरन सुनकर आरोपी मौके से भाग गए। घटना शनिवार और रविवार की रात की है। पुलिस ने रविवार को वनकर्मियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गश्त के दौरान फर्शी पत्थर निकालते मिले लखनपुरा वन चौकी प्रभारी केशव दत्त के मुताबिक, 10 अक्टूबर को वन अमला सरकारी वाहन से कालाखेत बीट के कक्ष क्रमांक 360 में देर रात गश्त कर रहा था। इसी दौरान पुराने मलबे के गड्ढों की तरफ से ठक-ठक की आवाज सुनाई दी। टीम मौके पर पहुंची तो प्रयागपुरा निवासी मेवाराम गुर्जर दो मजदूरों के साथ छेनी-हथौड़ी से फर्शी पत्थर निकालता मिला। वन अमले को देखकर आरोपी भागने लगे। उन्होंने औजार ले जाने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। पत्थर तोड़कर औजार जब्त किए वनकर्मियों के मुताबिक, जब्त किए गए फर्शी पत्थरों का परिवहन संभव नहीं था। इसलिए उन्होंने पत्थरों को तोड़कर अनुपयोगी कर दिया और खनन में इस्तेमाल हो रहे औजार जब्त कर लिए। इसके बाद टीम लखनपुरा चौकी के लिए रवाना हो गई। बाइक अड़ाकर रोका रास्ता, पत्थर फेंकने को कहा लौटते समय वन अमला प्रयागपुरा और सीडन का पुरा के बीच पहुंचा। वहां मेवाराम अपने एक साथी के साथ बाइक से पहुंचा। उसके साथी के हाथ में डंडा था। आरोप है कि मेवाराम ने सरकारी गाड़ी के आगे बाइक अड़ाकर रास्ता रोक लिया और वनकर्मियों को डराने लगा। इसके बाद उसने अपने साथी से वनकर्मियों पर पत्थर फेंकने को कहा। आरोपियों ने चिल्लाते हुए वन चौकी तोड़ने और जान से मारने की धमकी दी। वनकर्मियों के मुताबिक, आरोपियों ने पथराव भी किया, जिससे टीम को छिपकर अपनी जान बचानी पड़ी। दूसरे वाहन का सायरन सुनकर भागे आरोपी इसी बीच गेम सर्किल रायपुर का दूसरा सरकारी वाहन सायरन बजाते हुए मौके पर पहुंच गया। खुद को घिरता देख आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। इसके बाद वन अमले ने डायल 112 पर सूचना दी और सुरक्षित लखनपुरा चौकी पहुंचा। गेमरेंज तिघरा अधिकारी दीपांश शर्मा के निर्देश पर वनकर्मियों ने तिघरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। मेवाराम और अज्ञात साथी पर केस दर्ज तिघरा थाना प्रभारी शिवराम कंसाना ने बताया कि वनकर्मियों की शिकायत पर मेवाराम गुर्जर और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी थी, लेकिन वे अभी फरार हैं। पुलिस के मुताबिक, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

