बिठूर नगर पंचायत चेयरमैन पद के लिए मंगलवार, 13 अक्टूबर को उपचुनाव का मतदान होगा। चुनाव में अब तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों को पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ाया है, जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) ने किसी प्रत्याशी को आधिकारिक सिंबल नहीं दिया है। ऐसे में सपा से जुड़े नेता आदर्श द्विवेदी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। यह सीट नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष डॉ. निर्मला सिंह के निधन के बाद खाली हुई थी। वह लगातार पांच बार नगर पंचायत अध्यक्ष रहीं। जून 2026 में उनके निधन के समय कार्यकाल के करीब 13 महीने बाकी थे। बेटे राणा समरेन्द्र सिंह भी चुनाव मैदान में
डॉ. निर्मला सिंह के बेटे राणा समरेन्द्र सिंह चेयरमैन पद के उपचुनाव में प्रत्याशी हैं। उनके छोटे बेटे अभिजीत सिंह सांगा बिठूर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। डॉ. निर्मला सिंह के लंबे राजनीतिक कार्यकाल के चलते इस उपचुनाव को स्थानीय राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। कांग्रेस से प्रदीप द्विवेदी उम्मीदवार
कांग्रेस ने चेयरमैन पद के लिए प्रदीप द्विवेदी को अपना उम्मीदवार बनाया है। प्रदीप करीब 30 साल से पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं। इससे पहले वह वर्ष 2023 में हुए नगर पंचायत चेयरमैन के चुनाव में भी किस्मत आजमा चुके हैं। सपा से जुड़े आदर्श द्विवेदी निर्दलीय मैदान में
आदर्श द्विवेदी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। वह समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी में कानपुर ग्रामीण के उपाध्यक्ष हैं। इसके अलावा बिठूर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-5 ध्रुवनगर से सपा के सभासद भी हैं। सपा ने इस उपचुनाव में उन्हें पार्टी का आधिकारिक सिंबल नहीं दिया है। आदर्श द्विवेदी बिठूर के पूर्व विधायक मुनीन्द्र शुक्ला के भतीजे हैं। 7 ने किया था नामांकन, तीन प्रत्याशी मैदान में नजर आ रहे हैं
बिठूर नगर पंचायत चेयरमैन पद के उपचुनाव के लिए शुरुआत में सात प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था। हालांकि, चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद अब मुकाबले में केवल तीन प्रत्याशी रह गए हैं। मंगलवार को होने वाले मतदान के बाद प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। अब जानिए बिठूर नगर पंचायत के बारे में बिठूर नगर पंचायत में 10 वार्ड हैं और यहां करीब 10 हजार मतदाता हैं। वर्ष 2023 में चेयरमैन पद के चुनाव में 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। इस उपचुनाव में फिलहाल 7 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। हालांकि, नाम वापसी की तिथि के बाद ही अंतिम रूप से प्रत्याशियों की संख्या स्पष्ट होगी। बिठूर नगर पंचायत में वर्ष 2000 से लगातार डॉ. निर्मला सिंह चेयरमैन रहीं। इससे पहले यहां सुरेंद्र पाल सिंह उर्फ काका जी चेयरमैन थे। उनके निधन के बाद तत्कालीन उपाध्यक्ष घसीटेलाल को चेयरमैन बनाया गया था। बिठूर नगर पंचायत के 10 वार्डों में ब्रह्मनगर, सूबेदार नगर, पेशवा नगर, महर्षि वाल्मीकि नगर, तात्या टोपे नगर, ध्रुव नगर, लक्ष्मीबाई नगर, मैनावती नगर और लव-कुश नगर शामिल हैं। 13 अक्टूबर को उपचुनाव का मतदान 15 अक्टूबर को होगी मतगणना बिठूर नगर पंचायत चेयरमैन पद के उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 18 सितंबर से शुरू हुई थी। 24 सितंबर तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिसमें कुल सात प्रत्याशियों ने नामांकन किया। 25 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा (जांच) की गई। नाम वापसी की प्रक्रिया 28 सितंबर को हुई। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, 13 अक्टूबर को बैलेट पेपर से नगर पंचायत बिठूर के चेयरमैन पद के लिए मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। वहीं, 15 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

