दुर्गा प्रतिमा लेने आए युवक को कार ने रौंदा:मौके पर मौत; खंडवा में दोस्तों ने 2 किमी पीछा कर ड्राइवर को पकड़ा

दुर्गा प्रतिमा लेने आए युवक को कार ने रौंदा:मौके पर मौत; खंडवा में दोस्तों ने 2 किमी पीछा कर ड्राइवर को पकड़ा

नवरात्रि पर्व के बीच इंदौर हाईवे पर देर रात बाइक सवार दो युवक हादसे का शिकार हो गए। दुर्गा प्रतिमा लेने खंडवा आए युवकों को कार ने रौंद दिया। हादसे में ग्राम खजूरी निवासी 34 वर्षीय रवींद्र चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा गजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा छैगांवमाखन के पास अग्रवाल सूत मिल के सामने हुआ। टक्कर मारने के बाद कार ड्राइवर मौके से भाग निकला, लेकिन पीछे दूसरी बाइक पर आ रहे रवींद्र के दोस्तों ने उसे देख लिया। दोस्तों ने कार का पीछा किया। करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद ग्राम दोंदवाड़ा के पास ड्राइवर कार छोड़कर झाड़ियों में छिप गया। युवकों ने उसे पकड़ लिया और कार सहित छैगांवमाखन थाने ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पिकअप में रखकर रवाना की थी प्रतिमा
ग्रामीण सुंदर चौहान ने बताया कि ग्राम खजूरी के युवक नवरात्रि के लिए दुर्गा प्रतिमा लेने खंडवा आए थे। प्रतिमा को पिकअप वाहन में रखकर गांव के लिए रवाना कर दिया गया था। इसके बाद युवक तीन बाइकों पर दो-दो की संख्या में पिकअप के पीछे चल रहे थे। इसी दौरान छैगांवमाखन के पास अग्रवाल सूत मिल के सामने हादसा हो गया। सुंदर चौहान के मुताबिक, सामने से ओवरटेक करते हुए आई कार ने रवींद्र की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रवींद्र और गजेंद्र सड़क पर गिर पड़े। हादसे में रवींद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दो किलोमीटर पीछा कर पकड़ा
हादसे के बाद कार ड्राइवर रुकने के बजाय मौके से भाग निकला। दोस्तों ने उसका पीछा जारी रखा। करीब दो किलोमीटर दूर ग्राम दोंदवाड़ा के पास ड्राइवर कार से उतरकर झाड़ियों में छिप गया। पीछा कर रहे युवकों ने उसे तलाशकर पकड़ लिया। इसके बाद उसे कार सहित छैगांवमाखन थाने ले जाया गया और पुलिस के हवाले कर दिया। दो बेटों को छोड़ गया रवींद्र
रवींद्र शादीशुदा था और उसके दो छोटे बेटे हैं। बड़ा बेटा चार साल जबकि छोटा महज डेढ़ साल का है। नवरात्रि के दौरान दुर्गा प्रतिमा लेने निकले गांव के युवकों के साथ हुए इस हादसे से ग्राम खजूरी में मातम पसरा है। हादसे में घायल गजेंद्र का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। कार ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किए जाने के बाद मामले में पुलिस की कार्रवाई की जानकारी सामने आनी बाकी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *