जोधपुर की एक होटल में ज्वेलरी एग्जीबिशन में जयपुर से आए व्यवसायी के डायमंड और सोने के गहने चोरी हो गए। होटल के कमरे से चेक-आउट के बाद करोड़ों का माल गायब मिला। व्यवसायी ने होटल के सफाई कर्मचारी और सुपरवाइजर पर शक जताया है। उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कमरे के ड्रॉ में रखे थे गहने पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, जयपुर के श्याम नगर निवासी प्रमोद कुमार मोसूण (63) ने रिपोर्ट दी। बताया कि वो जेकेजे एंड सन्स ज्वेलर्स के डायरेक्टर हैं। उनकी फर्म राजस्थान के विभिन्न शहरों में ज्वेलरी एग्जीबिशन लगाती है। इसी सिलसिले में वे 18 सितंबर से 20 सितंबर 2026 तक जोधपुर के रेडिसन होटल में आयोजित ज्वेलरी एग्जीबिशन संदूक में हिस्सा लेने आए थे। प्रमोद कुमार ने पुलिस को बताया कि वे अपनी पत्नी और स्टाफ के साथ 17 सितंबर को जोधपुर पहुंचे थे और होटल के कमरा नंबर 215 में रुके थे। उनके पास एक हीरे की अंगूठी, एक सोने की चेन, एक हीरे का पेंडल और सोने से जड़ी रुद्राक्ष की माला थी, जिसे वे रोजाना रात को सोने से पहले कमरे के ड्रॉ में सुरक्षित रख देते थे और सुबह उठकर पहन लेते थे। 20 सितंबर 2026 को एग्जीबिशन के अंतिम दिन रात को सोने से पहले उन्होंने अपने सभी आभूषण हमेशा की तरह कमरे की दराज में सुरक्षित रखे थे। इसके बाद 21 सितंबर की सुबह जब वे होटल से चेक-आउट कर रहे थे, तो अचानक उनके कुछ ग्राहक होटल में आ गए। आभूषण पहनना भूल गए ग्राहकों से बातचीत और चेक-आउट की प्रक्रिया के बीच वे भ्रमित हो गए और कमरे में लगी दराज में रखे अपने आभूषण पहनना भूल गए। बिना गहने लिए ही वे जयपुर के लिए रवाना हो गए। जयपुर पहुंचने पर जब उन्हें गहने कमरे में छूटने का अहसास हुआ, तो उन्होंने जोधपुर में ठहरे अपने अन्य कर्मचारी विनीत त्रिवेदी को तुरंत फोन कर होटल के सीसीटीवी फुटेज देखने को कहा। होटल स्टाफ पर चोरी करने का शक विनीत त्रिवेदी जब रेडिसन होटल पहुंचे और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग खंगाली, तो पता चला कि उनके कमरा खाली करने के तुरंत बाद कमरा नंबर 215 में सफाई कर्मचारी मनीष यादव, फॉगिंग स्टाफ नीरज कुमार और सुपरवाइजर पंकज कुमार ने प्रवेश किया था। व्यवसायी को शक है कि इन्हीं लोगों ने नाश्ता करने और चेक-आउट के बाद उनके कमरे से आभूषण चुराए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

