शाहजहांपुर में खिरनी बाग रामलीला महोत्सव 2026 का शनिवार को गणेश पूजन, आरती और भव्य शोभायात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने भोलागंज स्थित श्री नरसिंह भगवान मंदिर में पूजन-अर्चन कर शोभायात्रा रवाना की। उन्होंने भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूपों को राम रथ पर विराजमान कर पूजन किया और रथ खींचकर यात्रा की शुरुआत की। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। देवी-देवताओं की झांकियों ने मोहा मन शोभायात्रा में गणेश जी, शिव-पार्वती, दुर्गा माता, सरस्वती माता और लक्ष्मी-नारायण सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। हाथी, घोड़े, तिल्ली घोड़ी, ढोल-नगाड़ों और डमरू की गूंज के बीच डीजे पर बजते भक्ति गीतों ने माहौल भक्तिमय बना दिया। मैनपुरी और छिबरामऊ से आए रथ और राज बैंड ने आयोजन की भव्यता बढ़ाई। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने तिलक लगाकर, आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर प्रसाद भी वितरित किया गया। इन प्रमुख मार्गों से होकर निकली शोभायात्रा शोभायात्रा गांधी गंज से शुरू होकर केरूगंज चौराहा, रंगमहला, खोया मंडी, छोटा चौक, बड़ा चौक, कच्चा कटरा, मालखाना मोड़, घंटाघर, मशीनरी मार्केट और सदर बाजार से गुजरी। इसके बाद यात्रा खिरनी बाग रामलीला मैदान पहुंची। यहां मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गणेश पूजन और हवन कर रामलीला महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। राम जन्म और शिव विवाह का होगा मंचन नव चेतना कला परिषद के अध्यक्ष मनोज पटेल ने बताया कि रामलीला महोत्सव के दौरान सती मोह, शिव विवाह, मनु-शतरूपा तप, रावण तप, नारद मोह, राम जन्म और बाल लीला सहित विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। इन धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से दर्शकों को भगवान राम के जीवन और भारतीय संस्कृति से जुड़े प्रसंग देखने को मिलेंगे। जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की रही मौजूदगी कार्यक्रम में सांसद अरुण सागर, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष सुरेश सिंघल सहित जनप्रतिनिधि, समिति पदाधिकारी, कार्यसमिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

