जयपुर: मालवीय नगर से गोपालपुरा बायपास के बीच बनेगी नई पुलिया, JDA ने शुरू किया काम; 3 महीने में मिलेगा नया रास्ता

जयपुर: मालवीय नगर से गोपालपुरा बायपास के बीच बनेगी नई पुलिया, JDA ने शुरू किया काम; 3 महीने में मिलेगा नया रास्ता

जयपुर. मालवीय नगर आरओबी के पास रेलवे ट्रैक के सहारे बनी पुरानी रपट को ऊंचा और चौड़ा करने का काम जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने शुरू कर दिया है। जेडीए अधिकारियों के अनुसार, इस प्रोजेक्ट को आगामी तीन महीने में पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल निर्माण कार्य के चलते इस रास्ते पर यातायात बंद रखा गया है। इस परियोजना के पूरा होने से मालवीय नगर सीधे गोपालपुरा बायपास से जुड़ जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में एक नया और सुगम वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा।

प्रोजेक्ट में खास

निर्माणः 100 मीटर लंबा और 14 मीटर चौड़ा दो लेन का कल्वर्ट (पुलिया) बनाया जा रहा है।
सड़कः यह 60 फीट चौड़ी सेक्टर रोड होगी।
लागतः इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 1.5 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।

अब तक क्या थी समस्या ?

अब तक इस रपट की चौड़ाई मात्र 7 मीटर थी। इसके अलावा, सड़क का ढलान सही न होने के कारण यहां अक्सर जलभराव की समस्या बनी रहती थी, जिससे चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब इस निर्माण से इन समस्याओं से स्थायी निजात मिलने की उम्मीद है।

दीवाली से पहले सफाई और रोशनी की होगी पड़ताल

वहीं, दीपावली से पहले शहरों में सफाई, रोशनी और सौंदर्याकरण के दावों की अब तस्वीरों से पड़ताल होगी। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को जेडीए में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये नगरीय निकायों के अधिकारियों के साथ 100 दिवसीय कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने स्वच्छता और सुधार कार्यों से पहले और बाद के दिनांक युक्त जियो-टैग फोटो के साथ प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए है। बैठक में जेडीसी सिद्धार्थ महाजन, डीएलबी सचिव रवि जैन, नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा और जेडीए सचिव गौरव सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने इस दौरान ‘सेवा सेतु’ शिविर का निरीक्षण कर लाभार्थियों को पट्टे भी बांटे।

बाजारों में सजावट पर मिलेगा पुरस्कार

दीपावली पर बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में आकर्षक रोशनी व सजावट को प्रोत्साहित किया जाएगा। बेहतर व्यवस्था करने वाले व्यापार मंडलों को पुरस्कृत किया जाएगा। इससे पहले स्थानीय निकाय व्यापार मंडल प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बाजारों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे मुख्य सचिव ने अग्निशमन प्रणालियों का रखरखाव समय पर करने, अन्नपूर्णा रसोइयों का नियमित निरीक्षण करने और अधिकारियों को अपने कार्यालयों से ही स्वच्छता अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *