बुलंदशहर के डिबाई क्षेत्र में बेलोन के पास शनिवार रात करीब 9:45 बजे श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर और सिलेंडर लदे ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में महिलाओं, बच्चों समेत करीब 21 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर डायल 112 के वाहनों और एंबुलेंस की मदद से डिबाई सीएचसी पहुंचाया गया। गंभीर हालत वाले घायलों को अलीगढ़ रेफर किया गया। घायलों के उपचार में डिबाई के निजी अस्पतालों के डॉक्टरों ने भी मदद की। देखिए 2 तस्वीरें… ज्योत लेने जा रहे थे 30-35 श्रद्धालु ट्रैक्टर में अहमदगढ़ क्षेत्र के सियारली गांव के करीब 30-35 ग्रामीण सवार थे। सभी गांव के मंदिर में स्थापित करने के लिए माता की ज्योत लेने बेलोन जा रहे थे। ट्रैक्टर में महिलाएं, युवतियां और बच्चे भी सवार थे। बेलोन के पास सामने से आ रहे सिलेंडरों से भरे ट्रक से ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। टक्कर के बाद आंखों के सामने छा गया अंधेरा हादसे में घायल अभिषेक ने बताया कि वे शाम करीब 5:30 बजे गांव से ट्रैक्टर लेकर निकले थे। बेलोन के पास सामने से सिलेंडरों से भरा ट्रक आ रहा था। इसी दौरान ट्रक ने ट्रैक्टर में सामने से टक्कर मार दी। अभिषेक के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्हें कुछ समझ नहीं आया। ऐसा लगा, जैसे सभी लोग हवा में उछल गए हों। आंखों के सामने अंधेरा छा गया। जब होश आया तो सामने एंबुलेंस खड़ी थी। इसके बाद उन्हें डिबाई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायल अलीगढ़ जिला अस्पताल रेफर, युवती मृत घोषित हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। 112 वाहन, थाना पुलिस के वाहनों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी डिबाई पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को अलीगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने घायल अंजु (20) पुत्री सुरजपाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल बुलबुल की हालत नाजुक बनी हुई है। कुछ अन्य घायलों को वेंटिलेटर पर रखने की तैयारी की जा रही है। घायलों का इलाज जारी है। 21 घायलों का इलाज जारी घायलों में विशाल (20 वर्ष), अंकित (14 वर्ष), ऋषिपाल (45 वर्ष), ममता (55 वर्ष), पुष्पा (55 वर्ष), शिवम (18 वर्ष), संगीता (14 वर्ष), अभिषेक (22 वर्ष), गौरी (25 वर्ष), पूजा (27 वर्ष), वंदना (18 वर्ष), यशोदा (50 वर्ष), पूनम (20 वर्ष), नेहा (16 वर्ष), शुभम (18 वर्ष), दिनेश, वेदप्रकाश (28 वर्ष), रूपेंद्र (21 वर्ष), हिमांशी (15 वर्ष), काजल (16 वर्ष) और मोहित (25 वर्ष) शामिल हैं। इनका अलीगढ़ जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। क्षेत्राधिकारी मधुप कुमार सिंह ने बताया- अंजू पुत्री सूरजपाल (20) की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर किया गया था। जिसकी मौत हो गई है। अन्य घायलों का अलीगढ़ जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

