मैहर रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम चलती ट्रेन में चढ़ते समय एक पति-पत्नी घायल हो गए। बिहार के नवादा जिले के रहने वाले रामाधार शाह और उनकी पत्नी आशा देवी शाह मां शारदा के दर्शन कर लौट रहे थे। इस हादसे में आशा देवी को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि रामाधार शाह को मामूली चोट लगी है। जीआरपी और आरपीएफ ने दोनों को रेलवे ट्रैक से निकालकर मैहर के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6 बजे मुंबई-हावड़ा एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12322) मैहर स्टेशन से रवाना हो रही थी। आशा देवी आगे की बोगी में चढ़ चुकी थीं, लेकिन रामाधार पीछे की बोगी में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। तभी ट्रेन चल पड़ी और रामाधार ट्रेन के साथ झूल गए। पति को गिरता देख आशा देवी भी घबराकर ट्रेन से नीचे पटरी पर कूद गईं। इस घटना से स्टेशन पर थोड़ी देर के लिए हलचल मच गई। रामाधार शाह के पिता का नाम उमर शाह है और वे नवादा जिले के सग्वेंज गांव के रहने वाले हैं।

